G-20 के Logo पर राजनीतिक जंग शुरूः कांग्रेस ने बताया भाजपा के प्रचार का हथकंडा, केंद्रीय मंत्री ने किया पलटवार
punjabkesari.in Wednesday, Nov 09, 2022 - 06:05 PM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा G-20 समिट 2023 के लिए जारी किए गए Logo पर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस ने इसे एक ओर भाजपा के प्रचार करने का हथकंडा बताया है। तो वहीं, भाजपा ने इसे भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय पुष्प बताया है। दरअसल, कांग्रेस नेता और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा प्रधानमंत्री तथा उनकी पार्टी खुद के प्रचार का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहती।
जयराम रमेश ने कहा कि 70 वर्ष से अधिक समय पहले जवाहर लाल नेहरू ने कांग्रेस के झंडे को भारत का ध्वज बनाने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। अब, भाजपा का चुनाव चिह्न जी-20 की भारत की अध्यक्षता के लिए आधिकारिक लोगो बन गया है।'' उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘यह चौंकाने वाली बात है, लेकिन अब हम जानते हैं कि श्रीमान मोदी और भाजपा बेशर्मी के साथ खुद के प्रचार का कोई अवसर नहीं छोड़ेंगे।''
भाजपा का पलटवार
इस पर राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कमल भारतीय संस्कृति में अलौकिक पुष्प है। लक्ष्मी जी और सरस्वती जी दोनों कमल पर विराजती हैं,शायद इसीलिए स्वतंत्रता के बाद भारत का राष्ट्रीय पुष्प कमल चुना गया।कमल के विरोध में ये भारतीय संस्कृति व हिंदू प्रतीकों के अपमान में भारत के राष्ट्रीय प्रतीक का अपमान करने में भी नहीं झिझकते।
Lotus was declared the national flower in 1950 by the then Congress Govt. Jairam was born in 1954. God alone knows why the Congress party chooses to denigrate & undermine every national symbol even as it is desperately out to ‘jodo’ itself. pic.twitter.com/XFMmZwOY3C
— Hardeep Singh Puri (@HardeepSPuri) November 9, 2022
इससे पहले केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि 1950 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा कमल को राष्ट्रीय फूल घोषित किया गया था। जयराम का जन्म 1954 में हुआ था। भगवान ही जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी हर राष्ट्रीय प्रतीक को बदनाम करने और कमजोर करने का विकल्प क्यों चुनती है, जबकि वह खुद 'जोडो' के लिए बेताब है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन पहले ही भारत की अध्यक्षता में होने वाले जी-20 के सम्मेलन के लिए लोगो, थीम और वेबसाइट का अनावरण किया है। सरकार के बयान के अनुसार जी-20 का लोगो भारत के राष्ट्रीय ध्वज के जीवंत रंगों से प्रेरित है- केसरिया, सफेद और हरा, और नीला। इसमें भारत के राष्ट्रीय फूल कमल के साथ पृथ्वी को जोड़ा गया है, जो चुनौतियों के बीच विकास को दर्शाता है।