महंगाई के खिलाफ कांग्रेस की 'हल्ला बोल रैली', राहुल गांधी देंगे केंद्र को कड़ा संदेश, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Sep 04, 2022 - 05:22 AM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा से पहले कांग्रेस रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में महंगाई, बेरोजगारी और आवश्यक वस्तुओं पर माल एवं सेवा कर (GST) में वृद्धि को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर चौतरफा हमला करते हुए एक रैली करेगी। रैली से पहले रामलीला मैदान में तैयारियां की गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेता ‘महंगाई पर हल्ला बोल’ रैली को संबोधित करेंगे। इसमें देश के अन्य हिस्सों के अलावा दिल्ली, हरियाणा और उत्तरप्रदेश के पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। 
PunjabKesari
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-  

अमित शाह आज रहेंगे गुजरात दौरे पर, इन कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज अहमदाबाद के दौरे पर रहेंगे। अपने एक दिवसीय दौरे में गृह मंत्री अमित शाह गुजरात के सबसे बड़े शहर अहमदाबाद के तीन कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दौरे की शुरुआत अहमदाबाद नगर निगम के स्मार्ट स्कूलों के उद्घाटन से होगी। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह अखिल भारतीय जेल ड्यूटी मीट में भी शामिल होंगे। 36वें राष्ट्रीय खेल-2022 के कर्टेन रेजर और 11वें खेल महाकुंभ के समापन समारोह में शाम करीब 7 बजे ट्रांसस्टेडिया, कांकरिया में गृह मंत्री भाग लेंगे। 

महंगे सिलेंडर पर PM मोदी की फोटो लगाकर KCR ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर कसा तंज 
तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर ने शनिवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर तंज कसते हुए एक वीडियो ट्विट किया है। उन्होंने अपने एक ट्वीट में सिलेंडर के मंहगे दामों के खिलाफ पीएम मोदी का एक पोस्टर निकाला है। इन पोस्टर को सिलेंडर पर चिपका कर उन्होंने निर्मला सीतारमण से पूछा कि बताइए, आप तो यही चाहती थीं कि राज्य में पीएम मोदी की तस्वीर लगाई जाए। लीजिए, हमने ये कर दिया है। 

पांच दशक बाद सुलझा कारगिल में गोंपा भूमि विवाद, अब सहमति से होगा निर्माण 
वर्ष 1969 में सरकारी आदेश के तहत लद्दाख बुद्धिस्ट एसोसिएशन को आवंटित जमीन पर अब आम सहमति से गोपा (बौद्ध मठ) का निर्माण किया जाएगा। 53 वर्ष पुराने इस विवाद को कारगिल डेमोक्रेटिक एलायंस (केडीए) और लद्दाख बुद्धिस्ट एसोसिएशन (एलबीए) ने शनिवार को सुलझा लिया। 

जेल से रिहा हुईं तीस्ता सीतलवाड़, 26 जून को किया गया था अरेस्ट 
सुप्रीम कोर्ट की ओर से अंतरिम जमानत मंजूर किए जाने के एक दिन बाद सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ को शनिवार को जेल से रिहा कर दिया गया। शीर्ष अदालत ने 2002 के गुजरात दंगों में ''निर्दोष लोगों'' को फंसाने के लिए सबूत गढ़ने के आरोप में गिरफ्तार सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ की अंतरिम जमानत शुक्रवार को मंजूर कर ली थी। सीतलवाड़ 26 जून को गिरफ्तारी के बाद से ही यहां साबरमती केंद्रीय कारागार में बंद थीं। 

NGT ने बंगाल सरकार पर 3,500 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया, जानें क्या है मामला
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने ठोस और तरल अपशिष्ट के उत्पादन और निस्तारण में भारी अंतर को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार पर 3,500 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। एनजीटी ने कहा कि बंगाल सरकार सीवेज और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सुविधाओं की स्थापना को प्राथमिकता देती नजर नहीं आ रही है, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 के लिए राज्य के बजट में शहरी विकास और नगरपालिका से जुड़े मामलों पर 12,818.99 करोड़ रुपए के खर्च का प्रावधान किया गया है। 

मुंबई एयरपोर्ट पर 13 करोड़' की कोकीन जब्त, पेट में छिपाकर रखे थे कोकीन के 87 ‘कैप्सूल'  
मुंबई सीमा शुल्क विभाग ने यहां अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर घाना से आए एक यात्री को गिरफ्तार किया है, जो भारत में कोकीन की तस्करी करने की कोशिश कर रहा था। उसने यह मादक पदार्थ 87 ‘कैप्सूल' के जरिए अपने पेट में छिपाकर रखा हुआ था। सीमा शुल्क विभाग ने कहा कि यात्री के पास से बरामद 1,300 ग्राम कोकीन की कीमत 13 करोड़ रुपए है। घटना 28 अगस्त की है, जब मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर, यात्री पर संदेह होने के बाद उसे रोका गया और उसे एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया। 

अमित शाह ने केरल में साधा कांग्रेस पर निशाना, बोले- देश से हो रही गायब, अब भाजपा की भविष्य 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कांग्रेस और वामपंथी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अनुसूचित जनजातियों के कल्याण के लिए कभी काम नहीं किया और दलित समुदायों के साथ सिर्फ वोट बैंक की तरह व्यवहार किया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित अनुसूचित जाति सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस गायब हो रही है जबकि वामपंथी दल विलुप्त होने के कगार पर है। 

असम के मुख्यमंत्री का केजरीवाल को जवाब, 'हम चुपचाप काम करना पसंद करते हैं' 
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को फिर से टैग करते हुए ट्विटर पर शिक्षा क्षेत्र में विशेषकर चाय बागानों के लोगों के लिए अपनी सरकार की पहलों को सूचीबद्ध किया। शर्मा ने एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए कहा कि जब तक मजबूर नहीं किया जाता, हम चुपचाप काम करना पसंद करते हैं! उन्होंने कहा कि इस शैक्षणिक वर्ष में हमने चाय बागान श्रमिकों के बच्चों के लिए 100 माध्यमिक विद्यालय स्थापित किए हैं, 100 और पर काम चल रहा है। चाय बागान असम के सुदूर हिस्सों में स्थित हैं। 

ममता के सांसद ने दी धमकी, बोले- टीएमसी नेताओं को चोर कहने पर होगी पिटाई 
तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने शनिवार को विपक्षी दलों को यह चेतावनी देकर नया विवाद खड़ा कर दिया कि तृणमूल कांग्रेस के हर नेता पर ‘‘चोर'' होने का ठप्पा लगाने वालों को पार्टी कार्यकर्ता ‘‘पीठ पर घूंसे मारेंगे।'' 

कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' पर भाजपा का तंज, बताया 'गांधी परिवार बचाओ आंदोलन' 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश के दिवंगत कांग्रेस नेता चंद्र भानु गुप्ता की जीवनी का हवाला देते हुए शनिवार को नेशनल हेराल्ड मामले में गांधी परिवार पर नए सिरे से हमला किया। भाजपा ने कांग्रेस की प्रस्तावित ‘‘ भारत जोड़ो यात्रा' पर तंज कसते हुए इसे ‘‘गांधी परिवार बचाओ आंदोलन'' करार दिया। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गुप्ता की जीवनी का हवाला दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News