पहली बार हुआ जब PM के लिए चोर शब्द का इस्तेमाल किया गया: राजनाथ

punjabkesari.in Monday, May 13, 2019 - 06:23 PM (IST)

नई दिल्ली: चुनाव प्रचार में बढ़ रही कटुता और अभद्र भाषा के उपयोग के लिए पूरी तरह कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के लिए चोर शब्द का उपयोग किया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री कोई व्यक्ति नहीं होता, यह एक संस्थान है और कांग्रेस ने इस संस्थान की गरिमा कम की है। 

PunjabKesari

अपने निवास पर एक साक्षात्कार में भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व अध्यक्ष सिंह ने एक बार फिर दोहराया कि इन लोकसभा चुनावों में भाजपा को 2014 से भी बड़ी जीत हासिल होगी और राजग को दो तिहाई बहुमत मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के पक्ष में लहर है और पार्टी वहां 42 में से 30 सीट जीत सकती है। पिछले चार दशकों में उत्तर प्रदेश और केंद्र में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे वरिष्ठ नेता सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा..बसपा कोई चुनौती नहीं है और पश्चिम बंगाल में भाजपा बड़ी जीत दर्ज करने जा रही है। लोकसभा चुनाव के प्रचार अभियान में राजनीतिक दलों की ओर से कटुता बढ़ाने वाले बयान और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर राजनाथ सिंह ने कहा ऐसा नहीं होना चाहिए। कांग्रेस ने इसकी शुरूआत की।

PunjabKesari

राजनाथ सिंह ने चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा उच्च मानदंड बनाए रखने की जरूरत को रेखांकित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर चुनाव प्रचार अभियान को निम्न स्तर पर ले जाने और प्रधानमंत्री पद की गरिमा को कम करने का आरोप लगाया। यह कहे जाने पर कि प्रधानमंत्री रहते हुए इंदिरा गांधी व राजीव गांधी के खिलाफ भी चोर शब्द का इस्तेमाल हुआ था, राजनाथ सिंह ने कहा, पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारा लगाया होगा, लेकिन किसी राष्ट्रीय पार्टी का अध्यक्ष प्रधानमंत्री को चोर कहे, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। प्रधानमंत्री तो प्रधानमंत्री होता है। सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति पद व्यक्तिगत नहीं होते, ये संस्थान होते हैं और लोकतंत्र में ध्यान रखना चाहिए कि संस्थानों की गरिमा कम न हो। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil dev

Recommended News

Related News