अब्दुल्ला ने ओडिशा ट्रेन हादसे की सीबीआई जांच के मुद्दे पर कांग्रेस के रूख पर उठाया सवाल

punjabkesari.in Thursday, Jun 08, 2023 - 09:03 AM (IST)

नेशनल डेस्क: नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को ओडिशा ट्रेन हादसे की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांच शुरू करने के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के रुख पर सवाल उठाया। अब्दुल्ला ने संवाददाताओं से कहा, 'कम से कम फारूक अब्दुल्ला एक जांच चाहते हैं। यह किया जाना चाहिए, क्योंकि लोग जानना चाहते हैं कि 300 से अधिक लोग क्यों मारे गए। कई परिवार नष्ट हो गए हैं। कई गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में पड़े हैं।

आप यह कैसे कह सकते हैं कि वे नहीं जानना चाहते कि क्या हुआ और क्यों हुआ और इस काम को करने के लिए कौन जिम्मेदार है।' उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा से उनके पद्मनाभनगर स्थित आवास पर मुलाकात के बाद यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा, 'यह बहुत दुखद है, यह भारत की सबसे बड़ी आपदा थी। जांच होनी चाहिए और दोषियों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।' यह पूछे जाने पर कि क्या 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ क्षेत्रीय दलों का एक साथ आना जरूरी है।

इस सवाल के जवाब में श्री अब्दुल्ला ने कहा कि यह भगवा पार्टी के बारे में नहीं है, बल्कि सवाल देश का है और देश को 'विभाजन' से बचाने का है। उन्होंने कहा, 'सवाल भाजपा का नहीं है, बल्कि देश का है। क्या आप चाहते हैं कि देश का विभाजन धार्मिक आधार पर हो? क्या हमें एकजुट करता है? यह एक साथ काम करने की इच्छा है, इस राष्ट्र को एक साथ बनाने और एक साथ बढ़ने की है। यही महत्वपूर्ण है।'

देवेगौड़ा के साथ अपनी बैठक के बारे में उन्होंने कहा कि यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी और उरी परियोजना का उद्घाटन करने और राजौरी का दौरा करने के लिए जम्मू- कश्मीर की श्री देवेगौड़ा की यात्रा की याद दिला दी, जब आतंकवाद के कारण कोई भी राज्य का दौरा नहीं करना चाहता था। उन्होंने कहा, 'दोनों स्थान सीमा के करीब हैं। उनकी यात्रा ने दुनिया को दिखाया कि कश्मीर इस देश का हिस्सा है।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News