कांग्रेस, नेकां प्रदेश में उग्रवाद और भ्रष्टाचार को वापस लाने की कर रही है कोशिश : सूद

punjabkesari.in Monday, Jan 23, 2023 - 11:38 PM (IST)

नेशनल डेस्क : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सह प्रभारी आशीष सूद ने दावा किया कि कांग्रेस और जम्मू-कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस प्रदेश में उग्रवाद और भ्रष्टाचार के युग को वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं। सूद ने सोमवार को यहां भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में कहा कि भाजपा द्वारा किए गए विकास कार्यों ने गुपकार गठबंधन के एजेंडे को उजागर किया है और वे केंद्र शासित प्रदेश में केंद्र सरकार की विकास प्रक्रिया को पटरी से उतारने की बहुत कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से जम्मू-कश्मीर के युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं के लिए इस एजेंडे को उजागर करने को कहा, जिन्होंने उग्रवाद और भ्रष्टाचार का युग नहीं देखा है। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को वैदिक शंकराचार्य से जोड़ने की टिप्पणी पर नेकां नेता फारूक अब्दुल्ला पर हमला करते हुए कहा कि जो लोग राहुल गांधी में शंकराचार्य जी को देखते हैं, उन्हें त्रासदियों के दौरान जम्मू-कश्मीर की आबादी की रक्षा करने में विफलता के लिए जनता को बताना चाहिए। जैसे कालू चक और चित्तिसिंहपुरा।

उन्होंने कहा कि उन्हें जवाब देना होगा कि जब लाखों लोगों को पलायन करने के लिए मजबूर किया गया तो वे चुप क्यों थे। उस समय जिहादियों के खिलाफ इन पाटिर्यों द्वारा कोई यात्रा क्यों नहीं निकाली गई। कार्यसमिति की बैठक के दौरान भाजपा ने 12 सूत्रीय प्रस्ताव पारित किया जिसमें सरकार की विकास गतिविधियों के बारे में लोगों को सूचित करना और उन दलों को बेनकाब करना शामिल है जो पाकिस्तान और चीन समर्थक हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News