वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुरुदास कामत का निधन, मनमोहन सरकार में रह चुके हैं मंत्री
punjabkesari.in Wednesday, Aug 22, 2018 - 11:05 AM (IST)
महाराष्ट्रः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत (63) का आज निधन हो गया। महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कामत ने दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित प्राइमस अस्पताल में अंतिम सांस ली। कामत काफी समय से बीमार चल रहे थे जिसके चलते उन्हें दिल्ली के प्राइमस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
वे ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव और कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य रह चुके हैं, साथ ही नॉर्थ वेस्ट मुंबई से 2014 तक सांसद भी रहे। कांग्रेस ने उन्हें गुजरात, राजस्थान, दादरा एवं नगर हवेली, दमन और दीव का प्रभार सौंपा था।
राजनीतिक सफर
कामत 2009 में उत्तर-पश्चिम मुंबई संसदीय सीट से लोकसभा सदस्य रहे। वह 1984, 1991, 1998 और 2004 में भी उत्तर-पूर्व मुंबई संसदीय सीट से चुनकर लोकसभा पहुंचे थे। वह 2009 से 2011 तक केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री रहे। उनके पास संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी था। जुलाई, 2011 में उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वह मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति के अध्यक्ष भी रहे। पेशे से वकील कामत ने मुंबई के आर ए पोद्दार कॉलेज से स्नातक और सरकारी विधि कॉलेज से कानून की पढ़ाई की थी।