मैदान छोड़ सिर्फ पहाड़ों की रानी बनकर रह गई कांग्रेस!

punjabkesari.in Friday, May 20, 2016 - 05:06 PM (IST)

नई दिल्ली: वीरवार को आए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणामों ने किसी को सबसे ज्यादा नुक्सान पहुंचाया तो वह है कांग्रेस। असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु में पूरी तरह से चित्त हो चुकी कांग्रेस की लाज सिर्फ पुड्डुचेरी ने ही बचाई। पूरे देश की बात करें तो पुड्डुचेरी के अलावा केवल 6 ही राज्य ऐसे बचे हैं जहां कांग्रेस सत्ता में है। इनमें 6 में से पांच तो पहाड़ी राज्य हैं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मिजोरम, मेघालय और मणिपुर। इन पांचों के अलावा जो छठा राज्य जहां कांग्रेस की सरकार है वह है कर्नाटक। यहां सिद्धरमैया मुख्यमंत्री हैं। 
 
हिमाचल प्रदेश में वीरभद्र सिंह, उत्तराखंड में हरीश रावत मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाले हुए हैं। हाल ही में हरीश रावत जिस राजनीतिक संकट से उभरे हैं वह किसी से छिपा नहीं है। अगर 9 बागी विधायकों को वोट का अधिकार मिल जाता तो इनकी सरकार भी जा सकती थी। मणिपुर में ओबीबी, मेघालय में मुकुल संगमा और मिजोरम में पुल्लथनहवला सरकार संभाले हुए हैं।
 
पांचों पहाड़ी राज्यों के अलावा देश में ऐसा कोई राज्य नहीं है जहां कांग्रेस पूर्ण रूप से सत्ता में हो। देश के मैदानी राज्यों में भाजपा या उसके सहयोगी ही सत्ता में हैं। भाजपा शुरू से ही कांग्रेस मुक्त भारत का नारा देती रही है। वीरवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी कहा था कि इन चुनाव परिणामों से हमारा देश कांग्रेस मुक्त भारत की दिशा में दो कदम और बढ़ गया है। 
 
 
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की हालत हो सकती है पतली
अगले माह की 11 तारीख को राज्यसभा की 57 सीटों पर चुनाव होना है। विधानसभा चुनाव में मिली हार के कारण उसके लिए इन चुनावों में साख और सीट बचानी बहुत मुश्किल साबित हो सकता है। 
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News