कांग्रेस को नोटबंदी पर इतना दर्द हुआ कि अभी भी रो रहे हैं: मोदी

punjabkesari.in Friday, Apr 26, 2019 - 08:41 PM (IST)

जबलपुर: नोटबंदी को उचित कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस को नोटबंदी पर इतना दर्द हुआ था कि अभी भी रो रहे हैं। अपनी पार्टी के जबलपुर लोकसभा सीट के प्रत्याशी राकेश सिंह के लिए प्रचार करने आए मोदी ने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा,‘कांग्रेस को नोटबंदी पर इतना दर्द हुआ कि अभी भी रो रहे हैं। आंसू सूख नहीं रहे।' उन्होंने दावा किया कि इसी नोटबंदी के परिणामस्वरूप इस लोकसभा चुनाव में भाजपा जीतेगी।

कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर तंज करते हुए मोदी ने कहा,‘याद कीजिए जब कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ हमने कार्रवाई की। तकिए के नीचे एवं दीवारों में छिपाया गया माल जब बाहर निकलने लगा, तब उन्होंने कैसा अभियान चलाया था। जनता को भड़काने का कोई मौका नहीं छोड़ा था।' कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा,‘और कोई नामदार भी चार हजार रुपए लेने गया था। आपको भड़काने के लिए क्या कुछ नहीं हुआ। दिल्ली में एसी कमरों में बैठे लोगों ने तय किया था अब मोदी खत्म। अब मोदी गया। मिठाइयां बांट रहे थे। उनको देश के सामान्य मानवी की ताकत का पता नहीं था।'मोदी ने कहा,‘सारा देश मोदी के साथ खड़ा हो गया। मेरे देश के मुट्ठी भर लोगों को छोड़ दें, तो देशभर के लोगों ने इस पर मेरा साथ दिया।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News