UPA की तुलना में NDA सरकार के दौरान राफेल सौदे की कीमत 9 प्रतिशत कम : BJP

punjabkesari.in Monday, Aug 13, 2018 - 08:06 PM (IST)

नई दिल्ली : राफेल लड़ाकू विमान सौदे को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा ने आज राहुल गांधी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि सच तो ये है कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के समय सौदे की कीमत की तुलना में राजग सरकार की ओर से तय सौदे की कीमत 9 फीसद कम है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘राहुल गांधी इतने हताश हो गए हैं कि झूठ बोलने की पराकाष्ठा कर रहे हैं।’

झूठे प्रचार से देश के हित की अनदेखी कर रहे राहुल गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष के आरोपों पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी अपने झूठे प्रचार के क्रम में देश हित की कितनी अनदेखी करेंगे? भाजपा नेता ने कहा कि जब राहुल गांधी ने संसद में यह बयान दिया कि फ्रांस के राष्ट्रपति ने उसने कहा कि गोपनीयता के संबंध में कोई उपबंध नहीं है, तब पहली बार संसद में दिए गए बयान पर फ्रांस की सरकार की ओर से बयान आया जिसमें उनकी बात को गलत बताया गया। प्रसाद ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ था कि संसद में दिए गए किसी बयान को फ्रांस सरकार ने गलत बताया हो। उन्होंने कहा, ‘सच तो ये है कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के समय में सौदे की जो कीमत थी उसकी तुलना में राजग सरकार की ओर से तय सौदे की कीमत 9 फीसद कम है।’

राफेल डील पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ की गई
उन्होंने पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के दौरान संसद में पूछे गए सवालों पर तत्कालीन रक्षा एवं विदेश मंत्री के जवाबों का उदाहरण पेश करते हुए कहा कि 10 वर्षो तक उनकी (राहुल की पार्टी) सरकार के दौरान रक्षा मंत्री कहते रहे कि रक्षा खरीद के संबंध में गोपनीयता रखी जाती है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसा इसलिए किया जाता है क्योंकि दुश्मन को हथियार की क्षमता की जानकारी नहीं हो जाए और प्रतिद्वन्दी कंपनी को पता नहीं चल जाए। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी में प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी से बहस करने की क्षमता नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने चार साल में सारे फैसले ईमानदारी और पारदर्शिता से लिए हैं। यह पूरा देश जानता है। राफेल डील भी पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया गया है।

राहुल गांधी इतने हताश हो गए कि झूठ बोलने की पराकाष्ठा कर रहे
प्रसाद ने कहा कि अगर राहुल गांधी ये समझते हैं की मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर उनके (राहुल गांधी) खिलाफ चल रही कार्यवाही को कम किया जाएगा तो ऐसा नहीं होगा। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी अपने झूठे प्रचार के क्रम में देश हित की कितनी अनदेखी करेंगे? उन्होंने कहा, ‘क्या राहुल गांधी इतने गैर जिम्मेदार हो जाएंगे कि आप देश की सुरक्षा के साथ समझौता करेंगे। राहुल गांधी और कितना झूठ बोलेंगे। राहुल गांधी इतने हताश हो गए हैं कि झूठ बोलने की पराकाष्ठा कर रहे है।’ उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राफेल विमान सौदे के मुद्दे पर बहस करने की आज चुनौती दी। उन्होंने राफेल सौदे के मुद्दे पर कई सवाल उठाते हुए सरकार पर राष्ट्रीय हितों से समझौता करने का आरोप लगाया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News