Winter Alert: इन राज्यों में अगले 5-6 दिन कोल्ड वेव के साथ पड़ने वाली है सबसे ठंडी सर्दी, IMD की चेतावनी
punjabkesari.in Tuesday, Dec 02, 2025 - 10:58 AM (IST)
नेशनल डेस्क: इस सर्दी के मौसम में उत्तर भारत और मध्य भारत की सुबहें और रातें बेहद ठंडी रहने वाली हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि इस बार सामान्य से अधिक ठंड बहेगी और कई इलाकों में पिछले साल के तापमान रिकॉर्ड भी टूट सकते हैं। विशेषकर हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और गुजरात में तापमान असामान्य रूप से गिरने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट
IMD ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक राजधानी में कोल्ड वेव की स्थिति बनी रह सकती है। हाल ही में सोमवार को दिल्ली का तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 4.6 डिग्री कम है।
अधिक दिनों तक कोल्ड वेव का असर
मौसम विभाग ने कहा कि दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में कोल्ड वेव के दिन सामान्य से अधिक रह सकते हैं। सामान्य तौर पर इन महीनों में 5-6 दिन कोल्ड वेव की उम्मीद होती है। कोल्ड वेव की घोषणा तब की जाती है जब न्यूनतम तापमान लगातार तीन दिनों तक 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर जाए और यह सामान्य तापमान से 90% कम हो।
ला नीना और ध्रुवीय भंवर का असर
IMD के वैज्ञानिकों ने बताया कि इस बार ठंड बढ़ने का कारण ध्रुवीय भंवर और ला नीना की स्थितियां हैं। मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में सामान्य से कम तापमान और कोल्ड वेव की स्थितियां इसी कारण बन रही हैं। ध्रुवीय भंवर एक बड़ा निम्न दाब वाला क्षेत्र है, जो सर्दियों में मजबूत होकर ठंडी हवा का प्रवाह बढ़ाता है।
क्या है आगामी मौसम का हाल
विभाग ने बताया कि इस बार सर्दियों में पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता कम रहने की संभावना है, लेकिन ला नीना का असर पूरे उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में महसूस होगा। इस वजह से लोगों को ठंड के असर के लिए पूरी तैयारी करने की सलाह दी जा रही है।
