Heavy Rainfall Alert : फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD ने इन 4 राज्यों में भारी बारिश और बिजली कड़कने का अलर्ट किया जारी
punjabkesari.in Thursday, Jan 29, 2026 - 01:57 PM (IST)
Weather Alert : देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड से मिली मामूली राहत अब खत्म होने वाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से 31 जनवरी से मौसम एक बार फिर करवट लेगा। इसके चलते न केवल तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी बल्कि तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी का दौर भी शुरू होगा।
पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में कुदरत का कड़ा रुख देखने को मिलेगा:
-
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल: 1 फरवरी को यहाँ कई स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।
-
राजस्थान: 31 जनवरी और 1 फरवरी को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
-
पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड: यहां खतरनाक शीतलहर (Cold Wave) चलने की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मिजाज?
राजधानी दिल्ली में आज (29 जनवरी) सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं। 10-15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 19°C और न्यूनतम 8°C के आसपास रहने का अनुमान है।
यूपी और बिहार में कोहरे का सफेद पहरा
पश्चिमी विक्षोभ के कारण यूपी में मौसम अस्थिर बना हुआ है। आज कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। बारिश के कारण बढ़ी नमी और ठंडी हवाओं से रात का पारा 6°C तक गिर सकता है। पटना मौसम केंद्र के मुताबिक पश्चिमी चंपारण, सारण, सिवान और गोपालगंज समेत 5 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है। हालांकि बिहार में इस हफ्ते बारिश के आसार नहीं हैं लेकिन पारा 1-2 डिग्री और गिर सकता है।
सावधानियां और सुझाव
कोहरे के दौरान सड़कों पर विजिबिलिटी कम होगी, इसलिए फॉग लाइट्स का उपयोग करें। तापमान में अचानक उतार-चढ़ाव से वायरल बुखार और सर्दी का खतरा बढ़ सकता है गर्म कपड़ों का प्रयोग जारी रखें। राजस्थान और आसपास के इलाकों के किसान गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए फसलों का बचाव करें।



