आज से गुजरात पर रूपानी का राज, डिप्टी CM बने नितिन पटेल

punjabkesari.in Sunday, Aug 07, 2016 - 05:13 PM (IST)

गांधीनगर: गुजरात के 16वें मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के नेता विजय रूपाणी ने आज शपथ ग्रहण किया और नितिन पटेल ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह में शीर्ष भाजपा नेता शामिल हुए। पूर्व की कैबिनेट में शामिल रहे नौ मंत्रियों को हटा दिया गया है। इनमें से कुछ नाम एेसे हैं जो पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के वफादार माने जाते थे। राज्यपाल आे.पी. कोहली ने 60 वर्षीय रूपानी तथा पटेल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नितिन पटेल सहित कैबिनेट स्तर के आठ मंत्रियों और 16 राज्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद में इस समय 25 लोग शामिल हैं।  

शाह सहित ये नेता भी शपथ समारोह में रहे उपस्थित
शपथग्रहण समारोह पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली और केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री हर्षवर्धन सहित शीर्ष पार्टी नेताओं की मौजूदगी में आयोजित किया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी इस अवसर पर अन्य हस्तियों के साथ मौजूद थे।

पूर्व गृह राज्य मंत्री रजनीभाई पटेल और महिला एवं बाल विकास मंत्री वासुबेन त्रिवेदी को नए मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया है जिन्हें पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल का वफादार माना जाता है। रूपानी के मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए गए अन्य मंत्रियों में वित्त मंत्री सौरभ पटेल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रमनलाल वोरा और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री गोविन्द पटेल शामिल हैं। पद छोड़ने की पेशकश संसदीय दल द्वारा स्वीकार किए जाने के बाद आनंदीबेन पटेल ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया था। शुक्रवार को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री पद के लिए नितिन पटेल की जगह रूपानी को चुना था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News