CM उद्धव का ऐलान-आरे मेट्रो कारशेड प्रोजेक्ट दूसरी जगह बनेगा, प्रदर्शनकारियों पर से सभी केस होंगे वापस
punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2020 - 03:50 PM (IST)
नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कविवार को आरे में प्रस्तावित मेट्रो कार शेड बनाने के लिए पेड़ों की कटाई का विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज केस वापस लेने का ऐलान किया। साथ ही आरे मेट्रो कार परियोजना का स्थान बदलने की घोषणा करते हुए उद्धव ने इसे यहां कांजूरमार्ग स्थानांतरित करने की बात कही।
उद्धव ठाकरे ने डिजिटल कॉन्फ्रेंस में कहा कि परियोजना को कांजूरमार्ग में सरकारी भूमि पर स्थानांतरित किया जाएगा और इस काम में कोई खर्च नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि भूमि शून्य दर पर उपलब्ध कराई जाएगी। ठाकरे ने कहा कि आरे जंगल के तहत आने वाली भूमि का इस्तेमाल दूसरे जन कार्यों के लिए किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 100 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं, जो बर्बाद नहीं जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकार ने बताया था कि आरे वन भूमि 600 एकड़ है, लेकिन अब इसमें संशोधन कर बताया जाता है कि यह 800 एकड़ है। आरे वन में आदिवासियों के अधिकारों में हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले साल आम लोगों और पर्यावरणविदों ने आरे परियोजना और इस इलाके में पेड़ों की कटाई का विरोध किया था, जिसके बाद अब यह फैसला लिया गया है।