CM रेखा गुप्ता ने पिंक कार्ड से फ्री में यात्रा वाली अफवाहों पर लगाया विराम, वीडियो शेयर कर स्पष्ट की स्थिति

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 01:34 PM (IST)

CM Rekha Gupta: दिल्ली की CM  रेखा गुप्ता ने महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 'सहेली स्मार्ट पिंक कार्ड' योजना की शुरुआत की है। इस कार्ड के जरिए दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बसों में महिलाएं अब पूरी तरह मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इस योजना की शुरुआत के साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों का दौर शुरु हो गया है। इस पर रेखा गुप्ता ने वीडियो शेयर कर विराम लगाते हुए स्थिति साफ की है। उन्होंने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि बस बदलने पर महिलाओं को किराया देना होगा।

वीडियो शेयर कर दी जानकारी 

मुख्यमंत्री ने कहा, "विपक्षी दल जानबूझकर अफवाह फैला रहे हैं कि पिंक कार्ड केवल एक बस के लिए मान्य है। मैं साफ कर देना चाहती हूँ कि हमारी बहनें दिनभर में चाहे जितनी बार बस बदलें, उनकी यात्रा पूरी तरह निशुल्क रहेगी। चाहे आप 5 मिनट के लिए सफर करें या 50 मिनट के लिए, आपको कोई शुल्क नहीं देना होगा।"

<

>

कार्ड लाने का मुख्य उद्देश्य

सीएम ने बताया कि दिल्ली में रोजाना लगभग 45 लाख बस ट्रिप होती हैं, जिनमें से करीब 20 लाख ट्रिप महिलाएं करती हैं। सरकार के पास इस बात का पुख्ता हिसाब रहेगा कि कितनी महिलाओं ने यात्रा की, ताकि उसी आधार पर परिवहन विभाग को भुगतान किया जा सके। कार्ड सिस्टम से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी और बिना किसी भ्रष्टाचार के सीधे दिल्ली सरकार इस खर्चे का वहन करेगी।

3 महीने तक बनेगा कार्ड

सीएम ने महिलाओं से अपील की है कि वे बिना किसी जल्दबाजी के अपना कार्ड बनवाएं। उन्होंने जानकारी दी कि अगले तीन महीनों तक कार्ड बनाने की प्रक्रिया जारी रहेगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके सफर को सुरक्षित व सुलभ बनाना है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News