एक्शन मोड में CM रेखा गुप्ता: LG के साथ यमुना घाटों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दी चेतावनी
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 01:41 PM (IST)
नेशनल डेस्क: दिल्ली में यमुना नदी के कायाकल्प के लिए रेखा गुप्ता सरकार पूरी तरह से एक्शन मोड में है। नदी को प्रदूषण मुक्त और सुंदर बनाने के लिए शासन-प्रशासन ने कमर कस ली है। CM रेखा गुप्ता और LG श्री तरनजीत सिंह संधू ने आज एक साथ 'ग्राउंड जीरो' पर उतरकर यमुना के पुनरुद्धार कार्यों का औचक निरीक्षण किया। दोनों नेताओं ने वासुदेव घाट और यमुना बाजार क्षेत्र का दौरा कर सफाई व्यवस्था और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट जांची।
करोड़ों की बर्बादी रोकने के लिए बनाया मास्टर प्लान
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि यमुना के प्राकृतिक घाटों का सौंदर्यीकरण और विकास इस प्रकार किया जाए कि वे स्थायी रूप से तैयार रहें। उन्होंने कहा कि हर साल छठ पूजा जैसे बड़े पर्वों पर अस्थायी घाट बनाने में करोड़ों रुपये खर्च होते हैं, जो जनता के पैसे की बर्बादी है। अब सरकार स्थायी समाधान की दिशा में काम करेगी।

मानसून से पहले 'डिसिल्टिंग' में तेजी के निर्देश
बरसात के मौसम में दिल्ली को बाढ़ और जलभराव के संकट से बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने नदी से गाद निकालने (डी-सिल्टिंग) के कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब हरियाणा से पानी छोड़ा जाए, तो नदी की जल संचयन क्षमता इतनी होनी चाहिए कि वह पानी को आसानी से संजो सके और शहर में संकट पैदा न हो।
अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
यमुना के तटों को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने तीसरा बड़ा निर्देश अतिक्रमण हटाने का दिया है। अधिकारियों से कहा गया है कि घाटों और किनारों से हर प्रकार के अवैध कब्जे को तुरंत हटाया जाए।
यमुना को साफ रखना सरकार की प्राथमिकता है
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि स्वच्छ यमुना केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है। हम काम की गुणवत्ता और समयसीमा में कोई समझौता नहीं करेंगे। रियल-टाइम मॉनिटरिंग और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जा रही है ताकि यमुना जल्द ही एक स्वस्थ और जीवंत स्वरूप में नजर आए।
