Karnataka: कर्नाटक में होने वाला है सत्ता परिवर्तन? सिद्धारमैया, CM पद से दे सकते हैं इस्तीफा
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 10:37 PM (IST)
नेशनल डेस्कः कर्नाटक की राजनीति में आने वाले कुछ दिन बेहद हलचल भरे हो सकते हैं। सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर मिल रही है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया अगले कुछ दिनों में अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें 'पावर शेयरिंग' (सत्ता साझा करने) के फॉर्मूले की स्पष्ट जानकारी दे दी है, जिसके बाद अब राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का रास्ता लगभग साफ हो गया है।
हाईकमान ने डीके शिवकुमार पर जताया भरोसा
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से चली मैराथन बैठकों के बाद कांग्रेस हाईकमान के अधिकांश दिग्गज नेता अब डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठाने के पक्ष में हैं। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे सियासी उलटफेर में प्रियंका गांधी की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है। वह नेतृत्व परिवर्तन के लिए सक्रिय रूप से दबाव बना रही हैं, जिससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि फैसला शीर्ष स्तर पर लिया जा चुका है।
सिद्धारमैया को दिल्ली बुलाने की तैयारी: राज्यसभा का मिला ऑफर
मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के बदले सिद्धारमैया को सम्मानजनक विदाई देने के लिए हाईकमान ने एक नया दांव खेला है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि उन्हें राज्यसभा भेजने और पार्टी संगठन में कोई बड़ी जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव दिया गया है। हालांकि, खबर है कि सिद्धारमैया फिलहाल असमंजस की स्थिति में हैं और उन्होंने इस ऑफर पर अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।
सत्ता और संगठन में संतुलन की कोशिश
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि कर्नाटक में सत्ता का संतुलन बनाए रखने के लिए यह 'ट्रांजिशन प्लान' बेहद सावधानी से तैयार किया गया है। कांग्रेस चाहती है कि नेतृत्व का नया चेहरा सामने लाकर सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बिठाया जाए। फिलहाल, सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सिद्धारमैया अपना इस्तीफा कब सौंपते हैं और डीके शिवकुमार की आधिकारिक ताजपोशी कब होती है।
