दिल्ली में श्रमिकों को अब दफ्तरों के नहीं लगाने होंगे चक्कर, CM रेखा गुप्ता ने 4 मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र वैन को दिखाई हरी झंडी

punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 08:22 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को चार 'मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र वैन' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत रवाना की गई 'मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र' का उद्देश्य यह है कि श्रमिकों को दफ्तरों के चक्कर ना काटने पड़ें और उनका पंजीकरण और दूसरे काम इन वैन के माध्यम से हो जाएं। उन्होंने कहा, "श्रमिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था को तैयार किया है। इसके तहत दिल्ली के प्रत्येक जिले में एक-एक मोबाइल वैन, यानी कुल 13 वैन, संचालित की जाएंगी। ये वैन निर्माण स्थलों, लेबर चौक और उन स्थानों तक जाएंगी, जहां निर्माण श्रमिक काम करते हैं।

गुप्ता ने कहा कि इन मोबाइल वैन के माध्यम से श्रमिकों का मौके पर ही पंजीकरण किया जाएगा जिससे उन्हें पंजीकरण के लिए दूर स्थित कार्यालयों तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी और उनकी दिहाड़ी भी प्रभावित नहीं होगी। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र वैन के माध्यम से श्रमिकों को उनके क्षेत्र में ही श्रमिक पंजीकरण, सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी सहायता, डिजिटल सेवाओं तक पहुंच और सरकारी सुविधाओं और लाभों के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। दिल्ली के श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि 'मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र' वैन स्वयं श्रमिकों तक पहुंचेंगी और उन्हें आवश्यक सेवाएं उनके कार्यस्थल के आसपास ही उपलब्ध कराएंगी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News