10वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या, परीक्षा केंद्र पर हुआ था झगड़ा

punjabkesari.in Friday, Feb 21, 2025 - 08:01 PM (IST)

नेशनल डेस्क : बिहार के रोहतास जिले में शुक्रवार को एक परीक्षा केंद्र पर छात्रों के दो समूहों के बीच झगड़े में एक नाबालिग लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में एक और छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मृतक का शव नेशनल हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे भारी जाम लग गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक छात्र की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है, वह दसवीं कक्षा में पढ़ता था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गुरुवार को सासाराम में एक परीक्षा केंद्र के अंदर छात्रों के दो समूहों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद अमित और संजीत कुमार ऑटोरिक्शा से घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में उनके एक सहपाठी ने उनको रोका, उन दोनों पर गोलीबारी करके वहां से फरार हो गया।

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची. दोनों घायल छात्रों को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान अमित की मौत हो गई, जबकि संजीत की हालत स्थिर बताई जा रही है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों छात्रों पर गोली चलाने वाले नाबालिग लड़के को हिरासत में ले लिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News