लुका-छिपी खेलते समय बिजली के पैनल बॉक्स में घुसा बच्चा, करंट लगने से मौत
punjabkesari.in Sunday, Nov 22, 2026 - 12:05 AM (IST)
नई दिल्ली : पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में लुका-छिपी खेलते समय बिजली के खुले पैनल बॉक्स में छिपने गए 11 वर्षीय बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) हरेश्वर स्वामी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम करीब सात बजे एम-ब्लॉक स्थित डीडीए लोकल शॉपिंग सेंटर में हुई। बच्चे को बीएसईएस के बिजली के खुले पैनल बॉक्स में बेहोशी की हालत में पाया गया। उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, बच्चा अन्य बच्चों के साथ लुका-छिपी खेल रहा था। इसी दौरान वह छिपने के लिए बिजली के खुले पैनल बॉक्स में घुस गया और वहां खुले तारों के संपर्क में आ गया। बच्चे की मां ने आरोप लगाया कि लोग वीडियो बना रहे थे और शोर मचा रहे थे, लेकिन कोई भी उसके बेटे को बचाने के लिए आगे नहीं आया।
बीएसईएस ने शोक जताते हुए कहा कि पैनल बॉक्स का ढक्कन कथित तौर पर चोरी हो गया था और उसे इसकी कोई शिकायत नहीं मिली थी। विकासपुरी थाने में लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया गया है।
