‘IIT हो या ITI, दोनों देश की असली संपत्ति’, कौशल दीक्षांत समारोह में PM मोदी का बड़ा संदेश

punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2026 - 07:08 PM (IST)

लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा और युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के विकास में IIT और ITI दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों का समान महत्व है। ये युवा देश की असली संपत्ति, क्षमता और भविष्य हैं। पीएम मोदी ने समाज में ITI से पढ़ाई करने वाले छात्रों को लेकर बनी धारणा पर चिंता जताते हुए कहा कि अब इस सोच को बदलने का समय आ गया है।

प्रधानमंत्री ने कौशल विकास के इतने बड़े आयोजन के लिए लखनऊ को चुनने पर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की सराहना की। उत्तर प्रदेश से सांसद होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर से आए युवा साथियों का स्वागत करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया है और अब वे सीधे राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाने जा रहे हैं।

कौशल और कारीगरी को कमजोर करने की कोशिश हुई: पीएम मोदी

कौशल विकास के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने भारत के पारंपरिक कौशल और कारीगरी के इतिहास का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब विदेशी आक्रमणकारी भारत आए, उस समय देश समृद्धि के दौर से गुजर रहा था और पूरी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र था। आक्रमणकारियों ने सबसे पहले भारत की कारीगरी और कौशल पर प्रहार किया।

पीएम मोदी ने ब्रिटिश शासन और मैकाले की शिक्षा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने भी भारतीय कौशल को कमजोर करने के लिए अपनी रणनीति अपनाई। उन्होंने ऐसी शिक्षा प्रणाली लागू की, जिसने देश की पारंपरिक कौशल आधारित व्यवस्था को सीमित कर दिया और कागजी काम करने वाले क्लर्क तैयार करने पर अधिक जोर दिया।

ITI में दाखिले को लेकर सामाजिक सोच बदलने की जरूरत

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भी समाज में व्यावसायिक शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण को लेकर एक तरह की हीन भावना देखने को मिलती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब कोई बच्चा इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (ITI) में दाखिला लेता है, तो कई बार उसके माता-पिता रिश्तेदारों और परिचितों को यह बताने से भी हिचकिचाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में यह धारणा बन गई है कि विश्वविद्यालय या कॉलेज में पढ़ाई करना अधिक प्रतिष्ठित है, जबकि हाथों से काम करने वाले और ब्लू-कॉलर पेशों से जुड़े युवाओं को अपेक्षित सम्मान नहीं मिलता।

पीएम मोदी ने कहा कि यह स्थिति जानबूझकर पैदा की गई मानसिकता का परिणाम है। उन्होंने संकल्प जताया कि देश में इस सोच को बदलना होगा और कौशल आधारित शिक्षा तथा श्रम को समाज में उचित सम्मान दिलाना होगा।

IIT और ITI के विद्यार्थी देश की असली संपत्ति

प्रधानमंत्री ने अपने दिन के कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए बताया कि वह सुबह दिल्ली से पश्चिम बंगाल गए थे, जहां उनका पहला कार्यक्रम भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में था। इसके बाद लखनऊ में ITI के विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर भी उन्हें उतना ही उत्साह और ऊर्जा महसूस हुई।

उन्होंने कहा कि IIT के विद्यार्थी हों या ITI के, दोनों ही देश की वास्तविक ताकत हैं। उनके सपने, ऊर्जा, उम्मीदें और आकांक्षाएं भारत के भविष्य को आकार देंगी। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि देश के विकास के लिए केवल पारंपरिक डिग्रियां ही नहीं, बल्कि तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान और कौशल भी बेहद जरूरी हैं। कौशल से लैस युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान

कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं को उनके प्रशिक्षण और उपलब्धियों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि कौशल हासिल करने के बाद युवाओं के सामने अब देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर है। प्रधानमंत्री का संदेश स्पष्ट रहा कि विकसित भारत के निर्माण में हर तरह की प्रतिभा और कौशल की अहम भूमिका है। इसके लिए जरूरी है कि समाज में व्यावसायिक शिक्षा को सम्मान मिले और युवाओं को अपनी तकनीकी दक्षता के दम पर आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News