''जिन्होंने मेरी बात मानी, आज उनकी हुई चांदी'', सार्वजनिक उपक्रमों में निवेश को लेकर बोले PM मोदी
punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2026 - 10:31 PM (IST)
लखनऊः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2023 में संसद में दिए गए अपने एक भाषण की याद दिलाते हुए शनिवार को कहा कि जिन लोगों ने मेरी बात मानी और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में पैसे लगाए वह मालामाल हो गए।
यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में अखिल भारतीय व्यवसाय परीक्षा (एआईटीटी) 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर 52 शीर्ष प्रतिभागियों को सम्मानित करने के बाद अपने संबोधन में मोदी ने कहा , ''आज वक्त बदल रहा है, सोशल मीडिया में एक बड़ी चर्चा चल रही है, जिसमें लोग कह रहे हैं कि मोदी जी ने संसद में 2023 में कहा था कि आप भारत सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) में पैसा लगाइए, मालामाल हो जाएंगे।''
#WATCH | Lucknow, Uttar Pradesh: Prime Minister Narendra Modi says, "Today, you must have seen a big discussion going on in the media and on social media, where everyone is saying that Modi ji had said in Parliament in 2023 to invest money in the Government of India's Public Sector Undertakings (PSUs) and you will become prosperous. At that time, people mocked me, and today history is a witness that those who invested became prosperous." (Source: ANI/DD News)
— ANI (@ANI) November 21, 2026
उन्होंने कहा, ''उस समय लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया था, लेकिन आज इतिहास गवाह है कि जिन्होंने पैसे लगाए, वह मालामाल हो गए।'' प्रधानमंत्री ने सोना की खरीद को लेकर दिए गये अपने सुझावों का भी जिक्र किया। मोदी ने कहा,''मैंने एक साल पहले कहा था कि देशवासी एक साल के लिए अगर जरूरत न हो तो कृपा सोना न खरीदें।''
उन्होंने कहा,''मुझे आज खुशी है। एक समय (पूर्व प्रधानमंत्री) लाल बहादुर शास्त्री ने देशवासियों से कहा था कि एक समय खाना छोड़ दो, देश ने उनकी बात माना। मेरे देश का चरित्र वही है।'' मोदी ने कहा,''मेरे जैसे सामान्य व्यक्ति ने कहा कि सोना कम खरीदिए और देशवासियों ने सोना कम खरीदा और सोने के दाम टूट गए। आज लोग कह रहे हैं कि मोदी जी आपकी बात मानी और हमारे पैसे बच गए।''
प्रधानमंत्री ने कहा,''आज एक और बात कहने जा रहा है-लिखकर रखिए, वक्त बदल रहा है, यह कागजी प्रमाणपत्र लेकर कोट-पैंट एवं टाई पहनकर घूमने वाले लोगों से ज्यादा हुनर वालों की कद्र होने वाली है, जिसके पास कौशल है, जिसके पास हुनर है, उसकी मांग बढ़ने वाली है।'' मोदी ने कहा कि कौशल हासिल करने का मतलब सिर्फ मशीनों पर काम करना नहीं है, बल्कि लोगों की जिंदगी को आसान बनाना और देश की क्षमताओं को बढ़ाना भी है।
उन्होंने कहा, ''एक समय था जब भारत मोबाइल फोन आयात करता था। आज हमारे देश की बेटियां मोबाइल फोन बना रही हैं। भारत में बने मोबाइल फोन अब दुनिया भर में निर्यात किए जा रहे हैं। आप लोगों की वजह से ही देश की विनिर्माण क्षमता बढ़ रही है और इसलिए आज आईटीआई को इतना ज्यादा महत्व दिया जा रहा है।''
