होली से पहले बड़ा तोहफा: शनिवार को इस राज्य के किसानों के खातों में आएंगे ₹10,000 करोड़
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 10:05 PM (IST)
नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने होली से पहले राज्य के किसानों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं और उनकी आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री निवास में विभिन्न जिलों से पहुंचे किसानों ने उनसे मुलाकात कर ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत धान के मूल्य अंतर की राशि जारी करने के फैसले पर आभार व्यक्त किया। किसानों ने पारंपरिक अंदाज में मुख्यमंत्री को धान से तौलकर सम्मानित भी किया।
10 हजार करोड़ से अधिक राशि खातों में जाएगी
सरकार के मुताबिक, धान के मूल्य अंतर की 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम होली से पहले सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। यह प्रक्रिया 28 फरवरी 2026 से शुरू होगी और बिलासपुर जिले से प्रथम चरण का भुगतान किया जाएगा। राज्यभर में इस भुगतान को उत्सव की तरह मनाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से किसानों से संवाद भी करेंगे।
KCC से लेकर सिंचाई तक, योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना से किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा मिली है, जिससे साहूकारों पर निर्भरता घटी है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाने का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
सरकार इस सीजन में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। इसे किसानों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।
रिकॉर्ड धान खरीदी
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख से अधिक किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीदी की गई है। पिछले दो वर्षों में योजना के तहत 25,000 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान हो चुका है। इस बार की राशि जुड़ने के बाद कुल भुगतान 35,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच जाएगा।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार आगे भी किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। होली से पहले यह फैसला किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी माना जा रहा है।
