चंद्रबाबू नायडू की पत्नी-बेटे ने की भूख हड़ताल, पूर्व CM की गिरफ्तारी का किया विरोध

punjabkesari.in Monday, Oct 02, 2023 - 10:29 PM (IST)

राजामहेंद्रवरम/नई दिल्लीः तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के महासचिव नारा लोकेश और उनकी मां ने पार्टी अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के विरोध में अनेक समर्थकों के साथ भूख हड़ताल की। लोकेश ने दिल्ली में पार्टी नेताओं और कुछ सांसदों के साथ अपने पिता की गिरफ्तारी के विरोध में अनशन किया, वहीं उनकी मां भुवनेश्वरी ने आंध्र प्रदेश के राजामहेंद्रवरम में भूख हड़ताल की। यह अनशन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया गया। 

तेदेपा महासचिव का दावा- इस कार्यक्रम के तहत 80 हजार को रोजगार मिला
लोकेश ने अपना अनशन समाप्त करने के बाद मीडिया से कहा, ‘‘महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला जैसे महान नेता अपने सिद्धांतों के लिए जेल गए थे, वहीं चंद्रबाबू को बेरोजगारों को रोजगार देने वाली कौशल विकास परियोजना शुरू करने के लिए जेल भेजा गया है।'' उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नायडू ने राज्य में बेरोजगार लोगों को बड़े स्तर पर रोजगार देने के उद्देश्य से कौशल विकास परियोजना तैयार की थी। तेदेपा महासचिव ने दावा किया कि इस कार्यक्रम के तहत सवा दो लाख युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया और इनमें से 80,000 को रोजगार मिला। 

सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को नायडू की याचिका पर करेगा विचारः लोकेश
तेदेपा अध्यक्ष की गिरफ्तारी को राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार देते हुए लोकेश ने कहा कि उच्चतम न्यायालय मंगलवार को नायडू की याचिका पर विचार करेगा और अदालत के फैसले के आधार पर पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी। नायडू को कौशल विकास निगम के धन के कथित दुरुपयोग के आरोप में 9 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था, जिसके परिणामस्वरूप राज्य के खजाने को 300 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News