राजस्थान में चांदीपुरा वायरस की दस्तक: डूंगरपुर की 6 वर्षीय बच्ची की मौ'त, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 12:49 AM (IST)

नेशनल डेस्कः राजस्थान के डूंगरपुर जिले की छह वर्षीय बच्ची की पड़ोसी राज्य गुजरात में मौत हो गई और स्वास्थ्य अधिकारियों को आशंका है कि उसकी मौत चांदीपुरा वायरस (सीएचपीवी) के संक्रमण से हुई। अधिकारियों ने हालांकि कहा कि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

अधिकारियों के अनुसार, डूंगरपुर में धंबोला क्षेत्र के रतनपुरा गांव की निवासी बच्ची के नमूने 15 जुलाई को गुजरात के हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में लिए गए थे और उसी दिन उसकी मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि मौत के बाद बच्ची के परिवार के सदस्य उसके शव को गांव ले आए। स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को शुरुआत में इस मामले की जानकारी नहीं थी। अधिकारियों ने बताया कि हिम्मतनगर अस्पताल ने बच्ची के नमूने लेने के बाद गुजरात सरकार को मामले की जानकारी दी। इसके बाद गुजरात के स्वास्थ्य विभाग ने राजस्थान के स्वास्थ्य विभाग को सतर्क किया क्योंकि बच्ची डूंगरपुर की रहने वाली थी।

राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के जयपुर स्थित मुख्यालय को 18 जुलाई को इसकी जानकारी मिली जिसके बाद डूंगरपुर के स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारी हरकत में आए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अलंकार गुप्ता ने बताया कि गांव में स्वास्थ्य दल तैनात किए गए हैं और वे स्थिति पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक प्रभावित इलाके में 353 लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है।

गुप्ता ने कहा कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं और लोगों को अपने घरों एवं आसपास सफाई रखने, पानी जमा न होने देने तथा मच्छरों और मक्खियों से बचाव के उपाय करने की सलाह दी गई है। चांदीपुरा वायरस मच्छर, किलनी और रेत मक्खी जैसे वाहकों से फैलने वाला वायरस है, जो मुख्य रूप से 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को प्रभावित करता है। इसके संक्रमण से बुखार, फ्लू जैसे लक्षण और मस्तिष्क में तीव्र सूजन हो सकती है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News