मुंबई जैसे शहर में घर लेने का सुनहरा मौका, लग्जरी फ्लैट्स सिर्फ ₹38 लाख में, MHADA ने लॉन्च की 120 फ्लैट्स की नई स्कीम
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 11:43 AM (IST)
नेशनल डेस्क: मुंबई में अपना घर खरीदने का सपना देखने वालों के लिए 'म्हाडा' (MHADA) एक सुनहरा मौका लेकर आया है। सपनों के शहर में घर पाने की चाहत रखने वालों के लिए अब किस्मत के भरोसे रहने की जरूरत नहीं है, क्योंकि म्हाडा ने 2 फरवरी को 120 फ्लैटों की बिक्री के लिए 'पहले आओ, पहले पाओ' योजना का ऐलान कर दिया है। इस योजना की सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसमें ₹38 लाख के किफायती घरों से लेकर दक्षिण मुंबई के ताड़देव में ₹8 करोड़ से अधिक की कीमत वाले लग्जरी अपार्टमेंट तक शामिल हैं।
मुंबई के प्राइम लोकेशन पर आशियाने
ये 120 फ्लैट मुंबई के उन प्रमुख इलाकों में स्थित हैं जहां घर लेना हर किसी की ख्वाहिश होती है। कांदिवली, चारकोप, वडाला, पवई, ताड़देव, जुहू और अंधेरी जैसे क्षेत्रों में फैले ये वो घर हैं, जो पिछली लॉटरी में किसी वजह से नहीं बिक पाए थे। अब म्हाडा इन्हें सीधे बिक्री के लिए बाजार में लाया है, जहां तेजी दिखाने वाले खरीदार को ही प्राथमिकता मिलेगी।
आवेदन की प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तारीखें
अगर आप भी इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, तो कैलेंडर पर तारीखें मार्क कर लें। 5 फरवरी 2026 से म्हाडा की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण शुरू होगा, जबकि फ्लैट चुनने और सुरक्षा राशि जमा करने की प्रक्रिया 12 फरवरी से शुरू की जाएगी। नियम काफी सख्त हैं—एक बार फ्लैट चुनने के बाद आपको अगले 48 घंटों के भीतर कुल कीमत का 10 प्रतिशत हिस्सा जमा करना होगा। यदि आप इस समय सीमा में चूक गए, तो न केवल आपका दावा रद्द होगा बल्कि आपकी सुरक्षा राशि (Security Deposit) भी जब्त कर ली जाएगी।
भुगतान की शर्तें और होम लोन की सुविधा
म्हाडा ने पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त शर्तें रखी हैं। अगर अस्थायी ऑफर लेटर मिलने के बाद आप फ्लैट कैंसिल करते हैं, तो कुल कीमत का 1% जुर्माना काटा जाएगा। वहीं, जो लोग बैंक से लोन लेना चाहते हैं, उन्हें अपना 'प्री-सैंक्शन लेटर' ऑनलाइन अपलोड करना होगा, जिसके बाद म्हाडा बैंक के लिए एनओसी (NOC) जारी कर देगा। पूरी कीमत और स्टैम्प ड्यूटी चुकाते ही फ्लैट का कब्जा और अलॉटमेंट लेटर आपके हाथ में होगा।
