हो गया क्लियर! पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ेंगे या घटेंगे? इस पर केंद्र सरकार ने दे दिया बड़ा बयान
punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 02:02 PM (IST)
नेशनल डेस्क : ईरान इजरायल जारी संघर्ष और होर्मुज स्ट्रेट से तेल की आवाजाही पर असर पड़ने के बाद देश में LPG सिलेंडर की कीमतें बढ़ गई हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या पेट्रोल और डीजल के दाम भी बढ़ेंगे। इस पर केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी।
केंद्र सरकार का तेल कंपनियों के लिए प्लान
केंद्र सरकार ने बताया कि घरेलू बाजार में गैस और तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 'इमरजेंसी पावर' का इस्तेमाल किया गया है। इसके तहत तेल रिफाइनरियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाकर LPG गैस की आपूर्ति में तेजी लाएं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रसोई गैस की कमी न हो और उपभोक्ताओं को राहत मिलती रहे।
यह भी पढ़ें - दिन में होगा अंधेरा... इस दिन लगेगा साल 2026 का दूसरा सूर्य ग्रहण
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर कोई असर नहीं
सरकार ने कहा कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के पास पर्याप्त स्टॉक और वित्तीय क्षमता है। इन कंपनियों ने साल की शुरुआत में अच्छा मुनाफा कमाया था और वे वर्तमान हालात में तेल की आपूर्ति बनाए रखने में सक्षम हैं। इस वजह से मिडिल ईस्ट में संघर्ष के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई वृद्धि नहीं होगी।
साल 2022 से कीमतें स्थिर
केंद्र सरकार ने यह भी बताया कि साल 2022 से देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर हैं। तेल कंपनियां कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के आधार पर अपने मुनाफे और नुकसान को संतुलित कर रही हैं, ताकि उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
यह भी पढ़ें - जंग ने तोड़ा भारत का सपना, वर्ल्ड कप जीतने से पहले ही हो गया बाहर! जानें पूरा मामला
आपूर्ति और संकट प्रबंधन
भारत पहले से ही तेल और गैस की आपूर्ति में किसी भी आपातकाल से निपटने के लिए तैयार है। केंद्र सरकार ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में तेल कार्गो की आवाजाही ठप होने से पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि देश की तेल कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक और वित्तीय संसाधन हैं।
