शर्मनाक! रास्ते में लेक्चरर पति ने की हैवानियत, कपड़े फाड़कर पत्नी को निर्वस्त्र घुमाया फिर गैर मर्द से...

punjabkesari.in Friday, Sep 12, 2025 - 11:57 AM (IST)

नेशनल डेस्क। रिश्तों पर शक और बदले की भावना किस कदर हैवानियत की हद पार कर सकती है इसका एक दिल दहला देने वाला मामला ओडिशा के पुरी से सामने आया है। यहां एक लेक्चरर पति ने अपनी पत्नी पर बेवफाई का शक होने पर उसे सड़क पर अपमानित किया। उसने न सिर्फ पत्नी के कपड़े फाड़े बल्कि उसके मांग में एक गैर मर्द से जबरन सिंदूर भी भरवाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना पुरी जिले की है जहां एक 37 वर्षीय महिला शिक्षिका अपने 43 वर्षीय पति से पिछले काफी समय से अलग रह रही थी। उसका पति जगतसिंहपुर जिले के एक कॉलेज में लेक्चरर है। पति को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और व्यक्ति से नाजायज संबंध है।

मंगलवार की रात को पति अपने एक दोस्त के साथ अचानक महिला के घर में घुस गया। दोनों ने मिलकर महिला और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति पर हथौड़े से हमला कर दिया। इसके बाद पति की हैवानियत यहीं नहीं रुकी। उसने दोनों के कपड़े फाड़ दिए और उन्हें अर्धनग्न अवस्था में कर दिया।

यह भी पढ़ें: Sperm Bank Technology: बच्चे की चाहत... पर नहीं बन पा रहे मां-बाप? स्पर्म बैंक टेक्नोलॉजी है वरदान, जानें कैसे

जबरन भरवाया सिंदूर और किया अपमानित

इसके बाद पति ने महिला को बालों से घसीटते हुए घर से बाहर सड़क पर ले आया। वहां उसने अपनी पत्नी और उस व्यक्ति को जबरदस्ती माला पहनाई। सबसे शर्मनाक बात यह थी कि पति ने उस व्यक्ति से अपनी पत्नी की मांग में जबरन सिंदूर भरवाया और उन्हें पूरे इलाके में घुमाया। इस घिनौने कृत्य को देखकर लोग हैरान रह गए और कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

आरोपियों की गिरफ्तारी

इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और पति सहित उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को उसके कृत्य की जल्द से जल्द सजा मिलेगी। पुलिस ने बताया कि पति ने शक की वजह से यह जघन्य अपराध किया। घटना के समय महिला का 14 वर्षीय बेटा घर पर नहीं था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News