महाभारत में पांडवों ने द्रौपदी को दांव पर लगाया था और अब... विनेश फोगाट पर बृजभूषण सिंह का निशाना

punjabkesari.in Sunday, Sep 08, 2024 - 03:44 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर पहलवान विनेश फोगाट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रविवार को बृजभूषण सिंह ने कहा कि जैसे महाभारत में द्रौपदी की इज्जत को दांव पर लगाकर पांडवों ने जुआ खेला था, वैसे ही महिला पहलवानों की प्रतिष्ठा को दांव पर लगाकर राजनीति खेली जा रही है। उनके अनुसार, जिन महिला पहलवानों ने उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया, वे सिर्फ मोहरे थीं और उनके पीछे भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा जैसे बड़े नाम हैं।

बृजभूषण सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस उनकी गतिविधियों में हस्तक्षेप कर रही है और जब भी उनके या उनके परिवार के खिलाफ कुछ होता है, कांग्रेस का हाथ होता है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में पूरी तरह से आश्वस्त हैं कि कोर्ट से वह निर्दोष साबित होंगे।

इसलिए भगवान ने उन्हें सजा दी- सिंह 
शनिवार को भी बृजभूषण सिंह ने विनेश फोगाट पर निशाना साधते हुए कहा कि ओलंपिक क्वालीफिकेशन के दौरान विनेश ने बेईमानी की और इसका परिणाम भगवान ने उन्हें ओलंपिक में दिया। उन्होंने कहा कि कुश्ती के नियमों के अनुसार एक खिलाड़ी दो वेट कैटेगरी में ट्रायल नहीं दे सकता है, लेकिन विनेश ने ऐसा किया और रेलवे के रैफरी ने उन्हें अनुचित तरीके से विजेता घोषित किया।

मेरे खिलाफ लगाए गए आरोप कांग्रेस द्वारा प्रायोजित- बृजभूषण  
इसके अलावा, बृजभूषण सिंह ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप कांग्रेस द्वारा प्रायोजित हैं और उनके खिलाफ चल रहे जांच में यह तथ्य सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी चाहेगी, तो वह विनेश के खिलाफ चुनाव प्रचार जरूर करेंगे। 

जुलाना से चुनाव लड़ रही विनेश फोगाट 
वहीं, हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने विनेश फोगाट को जुलाना से टिकट दिया है। विनेश और बजरंग पूनिया ने हाल ही में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की और इसके बाद ही कांग्रेस ने उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News