फेरों के तुरंत बाद दुल्हन की मौत, डोली से पहले उठी अर्थी

punjabkesari.in Wednesday, Feb 28, 2024 - 12:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मां बाप ने बड़े अरमानों से बेटी को सजाया था। भाई को भी प्रतीक्षा थी कि वह बहन की डोली को विदा करेगा। इससे पहले ही सात फेरों के बाद दुल्हन की मौत हो गई। जहां से बेटी को डोली में विदा होना था, वहीं से उसकी अर्थी निकली। इस घटना के बाद सदमे में दूल्हे की भी तबीयत बिगड़ गई है। स्वजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनके सभी अरमान आंसुओं में बह गए। इस दुखद घटना के बाद बरात भी बैरंग लौट गई। यह घटना फाजिल्का जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर स्थित जलालाबाद के गांव सवाहवाला की है।

गांव सवाहवाला निवासी जय चंद बट्टी ने बड़े अरमानों से अपनी बेटी नीलम रानी का विवाह फिरोजपुर के कस्बा गुरुहरसहाय के गांव वासन मोहन के रहने वाले सौ. स्वजन महिंदर कुमार थिंद के बेटे गुरप्रीत के साथ तय किया था। कई माह पहले से ही विवाह की तैयारियां शुरू हो गई थीं। मां-बाप ने बेटी की इच्छा के अनुसार ही गहनों, कपड़ों और अन्य सामान की खरीद करवाई थी। उनके मन में बेटी से बिछड़ जाने का दुख गम भी था तो उसका नया संसार बसने की खुशी भी थी।

बरात निर्धारित समय पर 26 फरवरी को विवाह स्थल पर पहुंची। इसके बाद नीलम रानी व गुरप्रीत सिंह के गुरुद्वारा साहिब में फेरे करवाए गए। जब शगुन डालने की रस्म के लिए नीलम स्टेज पर पहुंची तो उसको घबराहट महसूस हुई। इसके बाद स्वजन उसको घर ले गए। वहां भी उसको आराम नहीं मिलने पर गांव के एक डाक्टर को नीलम की जांच के लिए बुलाया गया। तबीयत में सुधार न होते देखकर वह नीलम को जलालाबाद के एक निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई।

इसके बारे में जैसे ही बरात को पता चला तो वह बैरंग लौट गई। मंगलवार को लड़के के स्वजन लड़की के घर पहुंचे और नीलम रानी का अंतिम संस्कार किया गया। नीलम के स्वजनों के अनुसार, गुरुद्वारा साहिब में भी उसको घबराहट महसूस हुई, जिसके बाद उसको पानी दिया गया तो वह ठीक हो गई। इसके बाद रस्में हुई, लेकिन जब नीलम को दोबारा आयोजन स्थल पर लाया गया तो टेंट के निकट ही वह कहने लगी कि उसको घबराहट महसूस हो रही है। स्वजनों ने बताया कि नीलम का एक बड़ा भाई और एक छोटी बहन है। बेटे से पहले उन्होंने नीलम की शादी के बारे में सोचा था। परिवार में नई पीढ़ी में यह पहली शादी थी। दूल्हे के स्वजनों ने बताया हादसे के बाद से उनके बेटे की भी तबीयत खराब है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mahima

Recommended News

Related News