दिल्ली : किराए की ऑडी कार ने मचाई तबाही, कई गाड़ियों को मारी टक्कर; एक व्यक्ति की मौ*त
punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 03:16 PM (IST)
नई दिल्ली : पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के किशनगढ़ में एक 17 साल के लड़के ने दोस्त के जन्मदिन के लिए किराए पर ली गई ऑडी कार को तीन गाड़ियों से टकरा दिया, जिससे पैदल चल रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक किशोर ने एक ऑनलाइन ऐप के जरिए एक रात के लिए 16,000 रुपए में कार किराए पर ली थी।
सूत्रों ने बताया कि यह हादसा 4 अक्टूबर को तड़के करीब 2.30 बजे किशनगढ़ रेड लाइट के पास एक CNG पंप के पास हुआ, जहां लापरवाही से गाड़ी चला रहे किशोर ने अपनी कार तीन गाड़ियों से टकरा दी। किशनगढ़ के रहने वाले 45 वर्षीय पैदल यात्री उमाशंकर इस टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें JPN एपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस सूत्रों ने कहा, 'जांच के दौरान पुलिस ने किशोर ड्राइवर को पकड़ा और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया।'
पुलिस ने ऑडी समेत सभी गाड़ियों को जब्त कर लिया और किशनगढ़ पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और 106(1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 3/181 के तहत FIR दर्ज की। जिस कंपनी ने नाबालिग को कार किराए पर दी थी वह भी पुलिस की जांच के दायरे में है। सूत्रों के अनुसार जांचकर्ता बुकिंग, उम्र की पुष्टि की प्रक्रिया, ड्राइविंग लाइसेंस और गाड़ी किराए पर लेते समय जमा किए गए अन्य दस्तावेजों की जानकारी मांग रहे हैं। सूत्रों ने कहा, 'अगर कोई चूक या नियम का उल्लंघन पाया जाता है, तो उचित कार्रवाई की जाएगी।'
