हैदराबाद एयरपोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, जांच के बाद ईमेल निकला फर्जी

punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 03:43 PM (IST)

Bomb Threat : हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (RGIA) पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एयरपोर्ट प्रशासन को एक अज्ञात ईमेल मिला। इस ईमेल में हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। वहीं सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर में हाई अलर्ट जारी कर दिया।

जिसके बाद एयरपोर्ट अधिकारियों को मिले इस धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया था कि परिसर के अंदर विस्फोटक रखा गया है और जल्द ही वहां बड़ा धमाका होगा। सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील होने के कारण अधिकारियों ने बिना देरी किए सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस को सूचित किया।

पुलिस और सुरक्षा बलों ने तुरंत मोर्चा संभाला। बम निरोधक दस्ते (BDDS) और डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे टर्मिनल, पार्किंग एरिया और वेटिंग हॉल की गहन जांच की गई। एहतियात के तौर पर यात्रियों की सुरक्षा जांच भी बढ़ा दी गई जिससे कुछ समय के लिए हवाई अड्डे पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

यह भी पढ़ें: No Villages In Singapore: दुनिया का इकलौता देश, जहां नक्शे से ही गायब हो गए 200 गांव, जानिए आखिर कहां गए?

कई घंटों की मशक्कत और बारीकी से की गई जांच के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, पूरे हवाई अड्डे की जांच पूरी कर ली गई है। कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। यह ईमेल पूरी तरह से एक झूठी सूचना (Hoax) था।

फिलहाल अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह ईमेल कहां से और किसने भेजा था। साइबर सेल की मदद से ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रेस किया जा रहा है ताकि इस तरह की अफवाह फैलाने वाले शरारती तत्वों को पकड़ा जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News