Tragic Accident: गलत साइड से आ रही तेज रफ्तार कार ने नेता को कुचला, शहर में मचा कोहराम
punjabkesari.in Sunday, Oct 12, 2025 - 10:18 AM (IST)
नेशनल डेस्क। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला महानगर मंत्री जितेंद्र बिष्ट की मौत हो गई है। यह घटना शनिवार देर शाम शिमला बाईपास चौक पर हुई जब एक तेज रफ्तार कार गलत दिशा (Wrong Side) से आई और सड़क किनारे खड़े जितेंद्र बिष्ट और उनके दो साथियों को कुचल दिया।

मैकेनिक चला रहा था कार, दो युवक घायल
पुलिस के मुताबिक 30 वर्षीय जितेंद्र बिष्ट निवासी चंद्रबनी अपने दो साथियों के साथ शिमला बाईपास चौक पर सड़क किनारे खड़े थे। तभी एक कार तेजी से और गलत साइड से आई और उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि यह कार मरम्मत के लिए गैराज में आई थी और इसे एक मैकेनिक चला रहा था। हादसे के तुरंत बाद जितेंद्र को श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके दो साथी घायल हुए हैं।

घटनास्थल पर उठी नाबालिग चालक की चर्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की गति बहुत अधिक थी और वह वर्कशॉप से निकलने के बाद करीब 40 मीटर दूर ही यह हादसा हो गया। मौके पर यह चर्चा भी हुई कि कार संभवतः एक नाबालिग चला रहा था। हादसे के बाद आरोपी मैकेनिक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने फिलहाल कार के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें: Heavy Rain Alert: अचानक बदलेगा मौसम का मिजाज, इन जिलों में 12, 13 और 14 अक्टूबर को बारिश दिखाएगी अपना तांडव
राजनीतिक और छात्र जगत में शोक की लहर
जितेंद्र बिष्ट की मौत की खबर फैलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया है। इसके साथ ही राजनीतिक और छात्र संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई है। जितेंद्र बिष्ट वर्तमान में भाजयुमो के जिला महानगर में मंत्री के पद पर कार्यरत थे। वह डीएवी कॉलेज में छात्र राजनीति का एक जाना-माना चेहरा थे और 2018 में एबीवीपी के प्रत्याशी के रूप में छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे। हाल ही में हुए डीएवी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में उनकी अहम भूमिका रही थी।

जितेंद्र बिष्ट के निधन की खबर सुनते ही भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के साथ-साथ छात्र भी अस्पताल पहुंचे। धर्मपुर विधायक विनोद चमोली देर रात अस्पताल पहुंचे और शोकसंतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली समेत तमाम नेताओं ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
