''अब की बार 400 पार'' का नारा देने वाली भाजपा 200 सीट भी हासिल नहीं कर पाएगी, अभय चौटाला का PM मोदी पर निशाना

punjabkesari.in Monday, Apr 22, 2024 - 08:52 PM (IST)

नेशनल डेस्क : इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता अभय सिंह चौटाला ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का 'अब की बार 400 पार' महज एक नारा है और दावा किया कि वह लोकसभा चुनाव में 200 सीट का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। अभय चौटाला ने भाजपा की पूर्व सहयोगी जननायक जनता पार्टी (जजपा) पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि साढ़े चार साल तक दोनों दलों ने राज्य को "लूटा"। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, "400 पार तो महज नारा है, इस बार वे 200 सीट भी पार नहीं करेंगे। अगर आपको याद हो तो 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने 'अबकी बार 75 पार' का नारा दिया था (90 में से 75 सीट जीतने का दावा किया था), लेकिन उसे सिर्फ 40 सीट ही मिलीं।"

इस अवसर पर पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख रामपाल माजरा ने लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के तीन और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। पार्टी नेता सुनील तेवतिया फरीदाबाद से, अनूप सिंह दहिया सोनीपत से और संदीप लोट सिरसा से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने अबतक छह उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। राज्य में लोकसभा की कुल 10 सीट हैं। इनेलो ने 18 अप्रैल को ऐलान किया था कि अभय चौटाला कुरुक्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। इस बीच, अभय चौटाला से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पर निशाना साधने जाने पर पूछा गया।

पंचकूला जिले में रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए सैनी ने दावा किया था कि जजपा नेता दुष्यंत की अपनी पार्टी के विधायकों ने उन पर भ्रष्टाचार को लेकर उंगली उठाई है और उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। एक सवाल का जवाब देते हुए अभय चौटाला ने कहा, "साढ़े चार साल तक भाजपा और जजपा दोनों ने राज्य को लूटा। अब सैनी कह रहे हैं कि अगर उन्हें कोई आवेदन मिलता है तो वह जांच कराएंगे। लेकिन किसी आवेदन की जरूरत नहीं है और वह जांच शुरू कर सकते हैं।" अभय चौटाला ने यह भी कहा, "जब मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री थे और उनके अधीन कोई भी मंत्री लूट में लिप्त था, तो सरकार के मुखिया होने के नाते वह भी जिम्मेदार थे। सैनी को इस पर भी कुछ कहना चाहिए था।" 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News