भाजपा का लक्ष्य प्रधानमंत्री मोदी को ‘न केवल तीसरा, बल्कि लगातार चौथा कार्यकाल'' दिलाना है : राजनाथ

punjabkesari.in Thursday, Feb 29, 2024 - 12:11 AM (IST)

नेशनल डेस्कः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘‘न केवल तीसरा, बल्कि लगातार चौथा कार्यकाल'' दिलाना है। पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने आम चुनाव की घोषणा से कुछ हफ्ते पहले बिहार के दरभंगा जिले में एक सार्वजनिक बैठक में यह बयान दिया। 

सिंह ने कहा, ‘‘मैं यहां के लोगों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह करता हूं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को न केवल तीसरा, बल्कि लगातार चौथा कार्यकाल भी मिले। हम राष्ट्र निर्माण के लिए चुनाव जीतना चाहते हैं, न कि सत्ता का आनंद लेने के लिए।'' रक्षा मंत्री ने बिहार के अपने एक दिवसीय दौरे को समाप्त करने से पहले यह टिप्पणियां कीं। एक दिवसीय दौरे पर वह बिहार के पांच संसदीय क्षेत्रों के ‘‘समूह'' के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करने के लिए सीवान में रुके थे। 

प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए रक्षा मंत्री ने दावा किया कि हाल ही में कतर की जेल से पूर्व नौसेना अधिकारियों की रिहाई ‘‘केवल मोदी के हस्तक्षेप के कारण संभव हो सकी'' जो भारत के बढ़ते वैश्विक कद का प्रतीक है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं कल आंध्र प्रदेश में था और रिहा हुए पूर्व सैनिकों में से एक से मेरी मुलाकात हुई, जिसने कहा कि वह अपनी आजादी के लिए प्रधानमंत्री का आभारी है।'' राजनाथ ने बालाकोट हवाई हमले का भी जिक्र करते हुए कहा कि इसने दुनिया को दिखाया कि भारत अब कमजोर नहीं है, बल्कि दुश्मन के खेमे तक लड़ाई ले जाने में सक्षम है।'' 

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी पार्टी, जो अब विपक्ष में है, सत्ता में रही, ‘‘सभी सम्मान सिर्फ एक परिवार के लिए आरक्षित थे'' और पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद और पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित भाजपा सरकार ने किया। राजेंद्र प्रसाद और कर्पूरी ठाकुर दोनों बिहार से थे। सिंह ने कहा, ‘‘यहां तक कि पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिम्हा राव को भी कांग्रेस सरकार ने भारत रत्न देने पर विचार नहीं किया जबकि वह जीवन भर पार्टी के साथ रहे।'' 

केंद्रीय मंत्री ने केंद्र द्वारा खर्च किए गए हर एक रुपये में से केवल 15 पैसे लोगों तक पहुंचने के बारे में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की टिप्पणी की भी चर्चा करते हुए कहा, ‘‘मोदी ने भ्रष्टाचार को खत्म कर दिया गया है, जन धन बैंक खातों को मोबाइल और आधार नंबर से जोडने के लिए उन्हें धन्यवाद।'' उन्होंने यह भी कहा, ‘‘आप आम आदमी की जरूरतों के प्रति मोदी से अधिक संवेदनशील किसी प्रधानमंत्री के बारे में नहीं सोच सकते, जिन्होंने युद्धस्तर पर शौचालय बनाने के बारे में सोचा।'' 

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने मुस्लिम महिलाओं को प्रभावित करने वाली क्रूर प्रथा तीन तलाक को खत्म करते समय चुनावी निहितार्थों के बारे में नहीं सोचा। बलात्कारियों को मौत की सजा सुनायी गई।'' उन्होंने यह भी कहा कि धारा 370 को निरस्त करना और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण इस बात का प्रमाण है कि ‘‘कांग्रेस जिसने गरीबी उन्मूलन की बात की लेकिन कुछ नहीं किया'', के विपरीत भाजपा के कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने दावा किया, ‘‘विश्व प्रसिद्ध स्वतंत्र एजेंसियों ने पुष्टि की है कि मोदी के शासन के तहत करोड़ों लोगों को गरीबी के चंगुल से बाहर निकाला गया है। हमने विश्व अर्थव्यवस्थाओं के बीच पांचवें स्थान पर पहुंचने के लिए छलांग लगाई है। 

ऐसा अनुमान है कि 2027 तक हम शीर्ष तीन में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री पहले ही वादा कर चुके हैं कि हम 2047 तक एक विकसित राष्ट्र होंगे।'' सिंह ने यह भी कहा, ‘‘हम 10 वर्षों से सत्ता में हैं लेकिन कांग्रेस युग के विपरीत, कोई भ्रष्टाचार घोटाला नहीं हुआ है, जब चाहे जीप हो या दूरसंचार स्पेक्ट्रम, हर चीज में घोटाला हुआ, जिसके कारण मंत्रियों को भी जेल जाना पड़ा।'' इससे पूर्व सीतामढ़ी में उन्होंने दावा किया कि देश का सैन्य निर्यात पिछले पांच वर्षों में 20 गुणा से अधिक बढ़ा है जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की ‘‘आत्मनिर्भरता'' का प्रमाण है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News