गुरप्रीत सिंह भुल्लर के ट्रांसफर पर BJP ने उठाए सवाल, आरपी सिंह बोले- ‘समय गंभीर सवाल खड़े करता है’
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 06:45 PM (IST)
नेशनल डेस्क : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने पंजाब पुलिस के अधिकारी गुरप्रीत सिंह भुल्लर के ट्रांसफर को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर कहा कि भुल्लर का ट्रांसफर जिस समय हुआ, वह कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
आरपी सिंह ने दावा किया कि भुल्लर ने जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध-प्रदर्शनों का फायदा उठाकर सुरक्षाकर्मियों और संसद को निशाना बनाने की कथित ISI समर्थित साजिश का सार्वजनिक रूप से खुलासा किया था। उन्होंने कहा कि इस खुलासे के कुछ ही दिनों बाद भुल्लर का ट्रांसफर किया गया। उनके मुताबिक, घटनाओं का यह क्रम जांच का विषय है।
The timing of Gurpreet Singh Bhullar's transfer is bound to raise serious questions. Just days after he publicly revealed details of the alleged ISI-backed plot to exploit the Jantar Mantar protests and target security personnel and parliament, he has been transferred. The…
— RP Singh National Spokesperson BJP (@rpsinghkhalsa) August 7, 2026
भाजपा नेता ने सवाल उठाया कि क्या भुल्लर के खुलासे राजनीतिक रूप से असुविधाजनक थे। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या जंतर-मंतर से जुड़ी कथित साजिश को लेकर भुल्लर की ओर से किए गए खुलासों से कुछ राजनीतिक लोग असहज हुए।
आरपी सिंह ने पंजाब सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार असहज करने वाले तथ्यों का सामना करने के बजाय उन अधिकारियों को किनारे करने में ज्यादा तेजी दिखाती है, जो ऐसे मामलों को सामने लाते हैं।
