विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने मध्यप्रदेश में खेला बड़ा दाव, आज शिवराज मंत्रिमंडल में होगा विस्तार
punjabkesari.in Saturday, Aug 26, 2023 - 06:43 AM (IST)

नेशनल डेस्कः मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के ठीक पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार सुबह अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर लगभग तीन मंत्रियों को शामिल करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार चौहान ने शुक्रवार देर शाम राज्यपाल मंगुभाई पटेल से राजभवन में मुलाकात की और मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में उन्हें विधिवत सूचना दी।
Bhopal | Madhya Pradesh Chief Minister Shivraj Singh Chouhan paid a courtesy call on Governor Mangubhai Patel at the Raj Bhavan today. State Cabinet expansion to take place tomorrow morning. pic.twitter.com/G5MUloGv2R
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) August 25, 2023
वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत 31 मंत्री
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पिछले तीन चार दिनों से सुगबुगाहट थी। आज आधिकारिक तौर पर तय हो गया कि नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में शनिवार सुबह पौने नौ बजे होगा। माना जा रहा है विधानसभा चुनाव के पहले क्षेत्रीय और जातीय संतुलन के उद्देश्य से मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा रहा है। दो सौ तीस सदस्यीय राज्य विधानसभा में तय मापदंड के अनुरूप मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं। वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत 31 मंत्री हैं। इनमें मुख्यमंत्री के अलावा 23 कैबिनेट और 07 राज्य मंत्री शामिल हैं। इस तरह मंत्रिमंडल में चार पद रिक्त हैं।
इन नेताओं के नाम चर्चा में
चौहान अधिकतम चार मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल कर सकते हैं। मंत्री बनाए जाने के लिए जिन नेताओं के नाम चर्चा में हैं, उनमें विंध्य अंचल से राजेंद्र शुक्ल, महाकौशल अंचल से गौरीशंकर बिसेन और बुंदेलखंड अंचल से राहुल लोधी शामिल हैं। कुछ और विधायकों के नाम भी चर्चाओं में हैं। राज्य में आगामी नवंबर दिसंबर माह में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। हालाकि अभी चुनाव कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।