छत्तीसगढ़ चुनावः भाजपा नेत्री ने राहुल पर कसा तंज, ''यूपीए शासन में हुए घोटाले'' का जवाब दे कांग्रेस

punjabkesari.in Monday, Oct 22, 2018 - 06:13 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महासचिव सरोज पाण्डेय ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की छत्तीसगढ़ यात्रा के पहले आज आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्रभक्त स्वयंसेवी संगठनों से सौतेला व्यवहार करती है और विदेशी धन से देशविरोधी तत्वों एवं नक्सलियों के लिए काम करने वाले गैरसरकारी संगठनों से संपर्क रखती है। सरोज ने कहा कि वह राहुल से किसानों की समस्याओं को लेकर भी सवाल पूछना चाहती हैं कि उन्होंने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल में हुए 52 हजार करोड़ रुपए के घोटाले पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने जो सवाल उठाए थे, उनका जवाब देना चाहिए। 

और क्या कहा भाजपा नेत्री ने
भाजपा नेत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में किसानों की दुर्दशा थी। उनका धान भिगो भिगो कर खरीदा जाता था। उपज का मूल्य कम देते थे और किसानों को भुगतान के लिए चक्कर काटना पड़ता था। कांग्रेस समर्थित व्यापारी आदिवासी किसानों की चार-चिरौंजी आदि वनोपज को नमक के बराबर तौल कर लूटते थे।

सरोज पांडेय ने कांग्रेस के किए सवाल
पाण्डेय ने कहा कि राहुल रायपुर में एनजीओ की बैठक करने वाले हैं। वह उनसे पूछना चाहती हैं कि राज्य के सुदूरवर्ती एवं आदिवासी क्षेत्रों में काम करने वाले राष्ट्रभक्त स्वयंसेवी संगठनों से उनकी क्या दुश्मनी है। उनसे सौतेला व्यवहार क्यों करते हैं। क्या वह इस बात से इन्कार करेंगे कि संप्रग के शासनकाल में कुछ एनजीओ नक्सलियों को बढ़ावा देते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में डा. विनायक सेन जैसे नक्सल समर्थक एवं राजद्रोह के मामले में सजायाप्ता को योजना आयोग की एक समिति का सदस्य बनाया गया था। उन्होंने कांग्रेस पर विदेशी धन प्राप्त करने वाले एनजीओ से संपर्क रखने का आरोप लगाते हुए पूछा कि फोर्ड फाउंडेशन और पीएफआई के साथ उनके क्या संबंध है।

सरकार बनाने को लेकर क्या बोलीं भाजपा महासचिव
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों को लेकर सरोज पाण्डेय ने दावा किया कि राज्य में भाजपा 65 से अधिक सीटें जीत कर सरकार बनाएगी। राज्य में डॉ. रमन सिंह का मजबूत नेतृत्व है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल सीडीकांड में फंसे हैं। कांग्रेस बैकफुट पर है और उसको जवाब देना मुश्किल पड़ रहा है। बहुजन समाज पार्टी और अजीत जोगी की जनता कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव में किसी भी कोण को छोड़ कर नहीं चल रही है। यह गठबंधन कांग्रेस का ही वोट ज्यादा काटेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News