DMK नेता की टिप्पणी पर भाजपा नेता खुशबू सुंदर ने जताया विरोध, जानें क्या है पूरा मामला?
punjabkesari.in Monday, Jun 19, 2023 - 12:43 AM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता और अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के एक पदाधिकारी द्वारा उनके बारे में की गई कथित टिप्पणियों पर रविवार को आपत्ति जताई। खुशबू ने अपने ट्विटर अकाउंट पर द्रमुक के पदाधिकारी शिवाजी कृष्णमूर्ति का एक वीडियो साझा किया और कहा, “इस आदतन अपराधी की भद्दी टिप्पणियां द्रमुक में प्रचलित राजनीतिक संस्कृति को दर्शाती हैं।” उन्होंने कहा, “उस दल में उनके जैसे कई हैं। महिलाओं को गालियां देने, उन पर भद्दी टिप्पणियां किए जाने पर रोक नहीं लगाई गई तो ऐसे कृत्य करने वालों को और बढ़ावा मिलेगा।”
खुशबू ने मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को ‘टैग' करते हुए कहा, “आपको इस बात का एहसास नहीं है कि वह न केवल मेरा अपमान कर रहे हैं, बल्कि आपका और आपके पिता (दिवंगत एम करुणानिधि) जैसे महान नेता का अपमान भी कर रहे हैं। जितना अधिक स्थान उन्हें प्रदान करेंगे, उतना अधिक राजनीतिक स्थान आप खो देंगे। आपकी पार्टी गुंडों की शरणस्थली बनती जा रही है। ये शर्म की बात है।” खुशबू राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की सदस्य भी हैं।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने कहा कि राज्यपाल और खुशबू के बारे में कृष्णमूर्ति की टिप्पणी “अति निंदनीय है और हम बार-बार अपराध करने वाले इस व्यक्ति पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हैं।'' अन्नामलाई ने ट्विटर पर एक वीडियो क्लिप भी साझा की, जिसमें कृष्णमूर्ति ने मंत्री वी सेंथिल बालाजी की गिरफ्तारी के बाद तमिलनाडु मंत्रिमंडल में विभागों के पुन:आवंटन के मद्देनजर राज्यपाल के बारे में कथित रूप से कुछ टिप्पणी की थी। इससे पहले कृष्णमूर्ति द्वारा राज्यपाल आर एन रवि के बारे में दिए गए बयानों पर विवाद खड़ा हो गया था और उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। हालांकि, उनके द्वारा माफी मांगे जाने के बाद पार्टी ने उनका निलंबन रद्द कर दिया था।