भाजपा ने अनधिकृत कॉलोनियों के लोगों का अपमान किया : आप

punjabkesari.in Friday, Jul 26, 2019 - 05:17 AM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली के श्रम मंत्री गोपाल राय ने अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के मसले पर भाजपा पर पलटवार करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भगवा दल ने अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोगों का अपमान करने के अलावा कुछ नहीं किया है। इससे पहले, दिल्ली में विपक्षी पार्टी ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर इस मुद्दे पर लोगों को मूर्ख बनाने का आरोप लगाया था। 

श्रम मंत्री ने भाजपा से पूछा कि जब 1993 से 1998 तक उसकी सरकार थी तो उसने ऐसी कॉलोनियों को नियमित करने के लिए क्या किया? भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय गोयल ने जंतर-मंतर पर वीरवार को एक विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के मसले पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। इस पर पलटवार करते हुए राय ने आप दफ्तर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब भाजपा ने अनधिकृत कॉलोनियों के निवासियों के लिए धरना दिया है। अन्यथा, उसने तो ऐसी कॉलोनियों में रहने वाले लोगों का सिर्फ अपमान किया है।

उन्होंने कहा कि 1993 में, भाजपा दिल्ली में सत्ता में आई और पांच साल के कार्यकाल में उसके तीन मुख्यमंत्री हुए। मैं पूछना चाहता हूं कि उन्होंने अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के लिए तब क्या किया था? कुछ नहीं किया था। राय ने कहा कि भाजपा को अनधिकृत कॉलोनियों का काम ‘आप’ और केजरीवाल सरकार पर छोड़ देना चाहिए।

उन्होंने भगवा दल से राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा मुहैया कराने तथा स्वच्छता सुनिश्चित करने के दो अहम काम करने को कहा। बता दें कि दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत आती है जबकि दिल्ली की तीनों नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा है। धरने में लोकसभा सांसद हंसराज हंस और प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने भी हिस्सा लिया था। इसमें गोयल ने ‘आप’ और कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि दोनों पार्टियों ने अपने-अपने कार्यकाल के दौरान अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के लिए कुछ नहीं किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News