''बंगाल में ममता कर रहीं हैं ‘खूनी’  राजनीति''

punjabkesari.in Thursday, Apr 26, 2018 - 04:53 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनावों के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर किये गये हिंसक हमलों की कठोर भत्र्सना की और तृणमूल सुप्रीमो एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को ‘खूनी’ करार देते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जानबूझ कर हिंसा भड़काने और लोकतंत्र को कुचलने का काम किया है।  भाजपा मुख्यालय में पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख अनिल बलूनी, पश्चिम बंगाल के नेताओं मुकुल रॉय, राहुल सिंहा, रूपा गांगुली, केन्द्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में ये आरोप लगाए। इस मौके पर राज्य के बीरभूम, उत्तरी 24 परगना, नंदीग्राम आदि स्थानों से 50 से अधिक ऐसे भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे जो हिंसक हमलों में बुरी तरह से घायल हुए थे।

 रॉय ने कहा कि पश्चिम बंगाल पंचायत चुनावों में राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस की सांठगांठ से तृणमूल कांग्रेस के हिंसक कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं को खंड विकास अधिकारी या अनुमंडलीय विकास अधिकारी के कार्यालय में नामांकन दाखिल करने नहीं जाने दिया और जिन्होंने नामांकन दाखिल करने का प्रयास किया, उन्हें लहूलुहान कर दिया गया। गोली, छुरे और बम चलाये गए। कांग्रेस एवं वाममोर्चे के कार्यकर्ताओं के साथ भी ऐसा ही हिंसक बर्ताव किया गया।  उन्होंने कहा कि राज्य में पांच हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को नामांकन दाखिल करने से रोका गया। हिंसक झड़पों में दस लोगों की मौत हुई है तथा दो हजार लोग घायल हुए हैं जिनमें 50 से अधिक लोग अस्पताल में गंभीर हालत में जीवन और मृत्यु के बीच झूल रहे है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि तृणमूल के नेताओं ने घोषणा की थी कि जिस पंचायत में निर्विरोध निर्वाचन होगा, उसे पांच करोड़ रुपए का इनाम दिया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि हिंसक घटनाओं में 25 से अधिक पत्रकार घायल हुए हैं। यह बनर्जी के लोकतांत्रिक मूल्यों का विद्रूप चेहरा है। उन्होंने कहा कि 22 में से दस जिलों में भाजपा का सीधा मुकाबला तृणमूल कांग्रेस से है और भाजपा एक एक इंच के लिए लड़ रही है। गांगुली ने बताया कि ङ्क्षहसा की राजनीतिक प्रकृति इतनी अमानवीय है कि डॉक्टर एवं अस्पताल भाजपा के घायल कार्यकर्ताओं का उपचार करने से भी इन्कार कर रहे हैं।   श्री सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी और माकपा नेता एवं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ने भी संविधान के अनुच्छेद 356 का प्रयोग करके राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है। भाजपा का मानना है कि राज्य के हालात उससे कहीं ज्य़ादा खराब हैं, लेकिन पार्टी नहीं चाहती कि ममता बनर्जी शहीद कहलाएं। वह चाहती है कि चुनाव में जनता ही तृणमूल को पटखनी दे। उन्होंने कहा कि वे लोग उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मिले और उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सिंह ने आश्वासन दिलाया है कि केन्द्र सरकार इस बारे में समुचित कदम उठाएगी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil dev

Recommended News

Related News