लातेहार में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, दो इनामी नक्सली ढेर

punjabkesari.in Saturday, May 24, 2025 - 11:10 AM (IST)

नेशनल डेस्क. झारखंड के लातेहार जिले से शनिवार को एक बड़ी खबर सामने आई है। सुरक्षाबलों ने नक्सली संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (JJMP) के दो खूंखार और इनामी नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। यह कार्रवाई लातेहार जिले के इचवार जंगल इलाके में की गई।

10 लाख और 5 लाख के इनामी नक्सली मारे गए

मारे गए नक्सलियों की पहचान पप्पू लोहारा और प्रभात गंझू के रूप में हुई है। पप्पू लोहारा पर 10 लाख रुपये और प्रभात गंझू पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। दोनों नक्सली झारखंड जन मुक्ति परिषद के सक्रिय और खतरनाक सदस्य थे और लंबे समय से पुलिस को इनकी तलाश थी। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों की फायरिंग में एक और नक्सली घायल हो गया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से एक इंसास राइफल बरामद की गई है।

सुरक्षा बलों का संयुक्त अभियान

यह ऑपरेशन लातेहार के पुलिस अधीक्षक (SP) कुमार गौरव के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ (CRPF) की संयुक्त टीम शामिल थी, जब सुरक्षाबल इचवार जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। तभी उनकी नक्सलियों के एक दस्ते से मुठभेड़ हो गई।

ऑपरेशन अब भी जारी

अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान अभी भी जारी है और क्षेत्र में पूरी सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन को आगे बढ़ाया जा रहा है। यह कार्रवाई झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है और इससे संगठन को बड़ा झटका लगा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News