फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका: दिग्गज फिल्ममेकर भारतीराजा का कार्डियक अरेस्ट से निधन

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 09:13 AM (IST)

Bharathiraja: साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। तमिल सिनेमा के दिग्गज डायरेक्टर और एक्टर भारतीराजा (Bharathiraja) का बुधवार (10 जून) को सुबह चेन्नई में निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे। पिछले काफी समय से वहस्वास्थ्य संबंधी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से पूरी तमिल फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है।

तमिल फिल्म प्रोड्यूसर्स काउंसिल ने की पुष्टि
भारतीराजा के निधन की आधिकारिक पुष्टि 'तमिल फिल्म प्रोड्यूसर्स काउंसिल' (TFPC) के सदस्यों द्वारा की गई। काउंसिल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और सिनेमा जगत के सबसे वरिष्ठ मार्गदर्शकों में से एक, श्री भारतीराजा अब हमारे बीच नहीं रहे।

बेटे की मौत के बाद से लगातार बिगड़ रही थी सेहत
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से भारतीराजा काफी अकेले और अस्वस्थ रहने लगे थे। मार्च 2024 में उनके अभिनेता बेटे मनोज भारतीराजा का 48 वर्ष की उम्र में कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा पड़ने) के कारण निधन हो गया था। इस हादसे ने भारतीराजा को झकझोर कर रख दिया था। बेटे के जाने के गम और बढ़ती उम्र के कारण उनकी सेहत लगातार गिरती चली गई। पिछले साल दिसंबर में सांस लेने में तकलीफ के चलते उन्हें चेन्नई के एक अस्पताल में भी भर्ती कराना पड़ा था।

एक्ट्रेस खुशबू सुंदर ने जताया गहरा शोक
भारतीराजा के निधन पर राजनीतिज्ञ और मशहूर अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा: "यह खबर बेहद दर्दनाक है कि हमारे सबसे सम्मानित डायरेक्टर भारतीराजा सर अब हमारे बीच नहीं रहे। उनकी फिल्में सिनेमा की पाठशाला थीं और हमेशा रहेंगी। उनका एक सपना था कि वह मेरे साथ 'दो चोटियों वाले लुक' में एक फिल्म बनाएं, जो अब हमेशा के लिए अधूरा रह गया। आपकी बहुत याद आएगी सर। ओम शांति।" भारतीराजा सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि तमिल सिनेमा का एक पूरा संस्थान थे। उन्हें इंडस्ट्री में सम्मान से 'इयक्कुनर इम्मायाम' (Iyakkunar Immayam) कहा जाता था।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Kushboo Sundar (@khushsundar)

उन्होंने साल 1977 में फिल्म '16 वयथिनिले' से अपने निर्देशन करियर की शुरुआत की थी। अपने चार दशक से लंबे करियर में उन्होंने 40 से अधिक बेहतरीन फिल्मों का निर्देशन किया। 'किझाके पोगुम रेल', 'सिगप्पू रोजक्कल', 'अलायगल ओइवाथिल्लई', 'काधल ओवियम' और 'मुधल मरियथाई'। उनका आखिरी निर्देशन प्राइम वीडियो की एंथोलॉजी सीरीज 'मॉडर्न लव चेन्नई' के एपिसोड 'परवाई कूटिल वाझुम मांगाल' में देखने को मिला था।

 एक बेहतरीन डायरेक्टर होने के साथ-साथ वह एक लाजवाब एक्टर भी थे। उन्होंने 'आयुथा एझुथु', 'पांडियानाडू', 'ईश्वरन', 'तिरुचित्रम्बलम' और ब्लॉकबस्टर फिल्म 'महाराजा' में दमदार भूमिकाएं निभाईं। हाल ही में वह मोहनलाल के साथ फिल्म 'थुदारुम' में दिखे थे। उनकी आने वाली फिल्म 'पुलावर' (जो अभी रिलीज नहीं हुई है) उनके अभिनय करियर की आखिरी फिल्म साबित होगी। 
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News