पंजाब केसरी पत्र समूह पर भगवंत मान सरकार का धावा, प्रिंटिंग प्रैस में जबरदस्ती दीवार फांद कर घुसे पुलिस कर्मचारी

punjabkesari.in Friday, Jan 16, 2026 - 10:59 AM (IST)

प्रिंटिंग प्रेस व अन्य संस्थानों पर लगातार मारी जा रही रेड, प्रबंधकों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर दी घटनाक्रम की जानकारी

नेशनल डेस्क:  लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ मीडिया पर एक और प्रहार करते हुए पंजाब की भगवंत मान सरकार ने पिछले कुछ दिनों से पंजाब केसरी समूह की आवाज दबाने के लिए उनकी प्रैसों व अन्य संस्थानों पर धावा बोल रखा है।  इस क्रम में आज समूह की बठिंडा प्रिंटिंग प्रैस में रेड मार कर कुछ कर्मचारियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया और कुछ कर्मचारियों से मारपीट करके उन्हें घायल कर दिया गया जो सिविल अस्पताल बठिंडा में दाखिल हैं।

प्रिंटिंग प्रैस में जबरदस्ती दीवार फांद कर घुसे पुलिस कर्मचारी
इसी तरह से जालंधर स्थित सूरानुस्सी प्रिंटिंग प्रैस में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के उच्च अधिकारी व कर्मचारी पुलिस फोर्स के साथ जबरदस्ती दीवार फांद कर घुसे और अखबार के कर्मचारियों से मारपीट की। उच्च अधिकारियों ने पुलिस के साथ मिलकर अंदर से गेट का ताला तोड़ा और जबरदस्ती सैंपल भरे व एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर चले गए। ये सभी अधिकारी बिना नोटिस और बिना किसी सूचना के पहुंचे थे और बोल रहे थे कि ऊपर से आदेश हैं। इस संबंध में पंजाब केसरी प्रबंधकों ने हालात की जानकारी लिखित रूप में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भेज दी है जिसमें सरकार की प्रैस पर हमलों की जानकारी निम्न प्रकार से दी गई है। अखबार प्रबंधकों के अनुसार, "हम हाल के कुछ घटनाक्रमों को लेकर अपनी गहरी चिंता और पीड़ा व्यक्त करने के लिए यह पत्र लिख रहे हैं।

इन घटनाओं से यह गंभीर आशंका उत्पन्न होती है कि पंजाब सरकार एक सुनियोजित उद्देश्य के तहत पंजाब केसरी समूह एवं उससे जुड़े संस्थानों को विशेष रूप से निशाना बना रही है, जिसका उद्देश्य प्रैस को डराना और दबाव में लेना प्रतीत होता है।" पत्र में लिखा गया है कि यह घटनाक्रम 31 अक्तूबर, 2025 को प्रकाशित एक समाचार से शुरू हुआ, जो पंजाब में सत्तारूढ़ दल के राष्ट्रीय संयोजक से जुड़े विपक्ष के आरोपों पर एक संतुलित और निष्पक्ष रिपोर्ट थी।

इसके बाद 2 नवम्बर, 2025 से पंजाब सरकार द्वारा पंजाब केसरी समूह को दिए जाने वाले सभी सरकारी विज्ञापन बंद कर दिए गए। उल्लेखनीय है कि पंजाब केसरी समूह पंजाब में सबसे अधिक प्रसार वाले हिंदी और पंजाबी दैनिक प्रकाशित करता है। प्रैस पर इस प्रकार के आर्थिक दबाव के बावजूद हमने स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता जारी रखी। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से पंजाब केसरी और इसके प्रमोटरों के खिलाफ लगातार एक अभियान चलाया जा रहा है।

आपके संज्ञान में लाना आवश्यक है कि हाल के दिनों में पंजाब केसरी समूह के प्रमोटर चोपड़ा परिवार के विरुद्ध निम्नलिखित कार्रवाइयां की गई हैं:-
 
1. 10 जनवरी, 2026 को जालंधर स्थित पार्क प्लाजा होटल (चोपड़ा होटल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित) पर एफ.एस.एस.ए.आई. की रेड।
2. 12 जनवरी, 2026 को चोपड़ा होटल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित जालंधर के चोपड़ा होटल पर जी.एस.टी. विभाग की रेड। 
3. 12 जनवरी, 2026 को जालंधर के होटल पर आबकारी विभाग की रेड।
4. 12 जनवरी, 2026 को लुधियाना फोकल प्वाइंट स्थित पंजाब केसरी के प्रैस जगत विजय प्रिंटर्स पर फैक्टरी विभाग के उप-निदेशक व लेबर विभाग के सहायक लेबर कमिश्नर द्वारा ज्वाइंट रेड।
5. 12 जनवरी, 2026 को जालंधर सिविल लाइंस स्थित पंजाब केसरी प्रिंटिंग प्रैस पर फैक्टरी विभाग के उप-निदेशक व लेबर विभाग के सहायक लेबर कमिश्नर द्वारा ज्वाइंट रेड।
6. 13 जनवरी, 2026 को जालंधर स्थित चोपड़ा होटल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित होटल पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रेड।
7. 13 जनवरी, 2026 को जालंधर जोन के कलैक्टर कम-आबकारी विभाग द्वारा लाइसैंस रद्द करने हेतु कारण बताओ नोटिस जारी किया गया तथा 14 जनवरी,
2026 को लाइसेंस रद्द कर दिया गया।
8. 14 जनवरी, 2026 को जालंधर स्थित होटल की बिजली आपूर्ति काट दी गई।
9. 15 जनवरी, 2026 को जालंधर स्थित चोपड़ा होटल के 2 जैनरेटर सील करके बिजली आपूर्ति बाधित कर दी गई। 10.15 जनवरी, 2026 को लुधियाना, बठिंडा एवं जालंधर स्थित प्रिंटिंग प्रैसों पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा रेड और कार्रवाई।

इन कार्रवाइयों के कारण यह आशंका है कि 15 जनवरी, 2026 से जालंधर, लुधियाना और बठिंडा स्थित विभिन्न प्रिंटिंग प्रैसों का संचालन बाधित या पूरी तरह से बंद किया जा सकता है। सूरानुस्सी (जालंधर), फोकल प्वाइंट (लुधियाना) और आई.जी.सी. बठिंडा स्थित प्रैस परिसरों के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

जैसा कि आप जानते हैं, स्वर्गीय लाला जगत नारायण ने वर्ष 1949 में हिंद समाचार की स्थापना की थी और पंजाब केसरी का प्रकाशन 1965 में प्रारंभ हुआ। प्रैस की स्वतंत्रता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता सर्वविदित है। स्वर्गीय लाला जगत नारायण, स्वर्गीय श्री रमेश चंद्र चोपड़ा सहित हमारे 60 से अधिक कर्मचारी, एजेंट, हॉकर और पत्रकारों ने पंजाब में उग्रवाद/आतंकवाद के दौर में निर्भीक पत्रकारिता के कारण अपने प्राण गंवाए और कई घायल हुए। इसके बावजूद, अखबार ने कभी दबाव के आगे घुटने नहीं टेके और आगे भी स्वतंत्र रूप से रिपोर्टिंग करता रहेगा।

इस प्रकार की लक्षित कार्रवाई, जिसमें विभिन्न विभाग पूर्व निर्धारित मंशा के साथ हमारे कामकाज को बाधित कर रहे हैं, स्पष्ट रूप से डराने-धमकाने की नीयत से की गई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News