CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की दादी का निधन, दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं नेता
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 01:43 PM (IST)
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दीपके का महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।। सावित्रीबाई शंकर दीपके ने संटुक पिंपरी गांव में अंतिम सांस ली, जहां पिछले कुछ दिनों से उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से परिवार शोक में है और गांव के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक हलकों से भी संवेदनाएं मिल रही हैं।
दीपके को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया था। वे जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे थे। यह अभी साफ नहीं है कि वे अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव पहुंच पाएंगे या नहीं। यह दुखद पल ऐसे समय में आया है जब दीपके को विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की योजना के कारण पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है और साथ ही उनका परिवार घर के एक बुजुर्ग सदस्य को खोने के दुख से गुजर रहा है। बताया जाता है कि सावित्रीबाई ने अपने पोते का समर्थन किया था, जिससे मौजूदा हालात के बीच उनका निधन परिवार के लिए और भी मुश्किल हो गया है।
इससे पहले शनिवार को, दिपके ने मुंबई से दिल्ली की यात्रा की थी ताकि वे मतदाता सूची के 'विशेष गहन संशोधन' (SIR) और भारत के चुनाव आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं के खिलाफ CJP के विरोध प्रदर्शन में शामिल हो सकें। हालांकि, एयरपोर्ट पर भी उन्हें डिटेन कर लिया गया। CJP के अनुसार, दिपके और पार्टी के सह-संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही हिरासत में ले लिया गया। उनकी हिरासत के हालात और बाद में उनकी रिहाई की व्यवस्था की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।
CJP ने SIR प्रक्रिया से जुड़े आरोपों और चुनाव आयोग के कामकाज के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रदर्शन में शामिल होने की कोशिश कर रहे लोगों पर पाबंदियां लगाई गई हैं। राष्ट्रीय राजधानी में राजनीतिक घटनाक्रम जारी है, वहीं संतुक पिंपरी में दिपके का परिवार सावित्रीबाई की मौत का शोक मना रहा है। साथ ही, इस बात को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है कि क्या वह उनके अंतिम संस्कार में शामिल हो पाएंगे या नहीं।
