Best Savings Schems: ये 5 सरकारी स्कीमें हैं महिलाओं के लिए बेस्ट, मिलेगा ज्यादा रिटर्न और टैक्स की छूट
punjabkesari.in Tuesday, Oct 28, 2025 - 09:06 PM (IST)
नेशनल डेस्कः आज की महिलाएं केवल घर और परिवार तक ही सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि अपनी आर्थिक सुरक्षा और भविष्य की योजना पर भी ध्यान दे रही हैं। सरकार द्वारा शुरू की गई कई योजनाओं के जरिए महिलाएं सुरक्षित निवेश, आकर्षक ब्याज दर और टैक्स में छूट का फायदा उठा सकती हैं। जानिए वो 5 प्रमुख सरकारी योजनाएं, जो महिलाओं की वित्तीय स्वतंत्रता को नए आयाम दे रही हैं।
महिला सम्मान सेविंग सर्टिफिकेट
महिलाओं के लिए यह पूरी तरह से सुरक्षित निवेश विकल्प है। इसे किसी भी पोस्ट ऑफिस से शुरू किया जा सकता है। इस स्कीम में वर्तमान में 7.5% का ब्याज मिलता है। निवेश की न्यूनतम राशि 1,000 रुपये और अधिकतम 2 लाख रुपये है। सबसे खास बात यह कि एक साल पूरे होने के बाद आप 40% राशि निकाल सकती हैं।
सुकन्या समृद्धि योजना (SSY)
अगर आपकी बेटी 10 साल से कम उम्र की है, तो यह योजना उसके भविष्य के लिए सबसे बेहतर विकल्प है। इसमें वर्तमान में 8.2% सालाना ब्याज मिलता है। यह योजना बेटी की पढ़ाई या शादी के लिए धन सुरक्षित करने में मदद करती है। साथ ही, इसमें निवेश की गई राशि पर सेक्शन 80C के तहत टैक्स में छूट का लाभ भी मिलता है।
बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट (FD)
60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट हमेशा भरोसेमंद विकल्प रहा है। सीनियर सिटिजन को आम निवेशकों की तुलना में 0.50% अधिक ब्याज दर मिलती है। इसके अलावा, सीनियर सिटिजन सेविंग स्कीम (SCSS) भी अच्छी आय का विकल्प प्रदान करती है।
सुभद्रा योजना
ओडिशा राज्य की महिलाओं के लिए विशेष रूप से लॉन्च की गई इस योजना में 21 से 60 वर्ष की आयु वाली महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। इस योजना के तहत पांच वर्षों में 50,000 रुपये की सीधी आर्थिक सहायता दी जाती है।
नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (NSC)
यह पोस्ट ऑफिस की फिक्स्ड टर्म डिपॉजिट योजना है, जिसकी अवधि 5 से 10 साल तक होती है। इसमें निश्चित ब्याज दर मिलती है, यानी रिटर्न की गारंटी पक्की होती है। निवेश पर सेक्शन 80C के तहत टैक्स में छूट का भी लाभ मिलता है।
