''PM मोदी विक्टिम कार्ड खेल रहे हैं, लेकिन देश उनसे माफी का इंतजार कर रहा है'': जयराम रमेश
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 11:46 AM (IST)
नेशनल डेस्क: कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिया गया ''माफ करने'' वाला बयान देश के युवाओं का अपमान है और अब प्रधानमंत्री की ''इंस्टाग्राम सभाएं'' किसी को गुमराह नहीं कर सकतीं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ''विक्टिम कार्ड खेल'' रहे हैं, जबकि देश प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के साथ हुई बर्बरता के लिए उनसे माफी का इंतजार कर रहा है।
रमेश ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''देर रात प्रधानमंत्री ने अपनी आत्ममुग्धता का परिचय देते हुए कहा कि उन्होंने हमारे युवाओं को माफ कर दिया। यह देश और हमारे युवाओं का अपमान है, जिन्होंने उनकी सरकार के दौरान कष्ट झेला है और जो उनसे वैध रूप से माफी की मांग कर रहे हैं।'' उन्होंने दावा किया, ''पूरा देश प्रश्नपत्र लीक के मामलों और प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ बर्बरता के लिए प्रधानमंत्री से माफी का इंतजार कर रहा है। पूरा देश राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े 'चंदा चोरी, आस्था के साथ धोखा' प्रकरण और आठ नवंबर 2016 के नोटबंदी के फैसले के लिए भी उनसे माफी की अपेक्षा कर रहा है।''
<
The self-declared non-biological PM enjoys playing the victim card.
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) August 1, 2026
He uses vile vitriol against his predecessors and political opponents. He very frequently peddles lies to defame them, not just in his public speeches but in Parliament itself. He unleashes an army of…
>
रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपने पूर्ववर्तियों और राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ लगातार कटु भाषा का इस्तेमाल करते हैं तथा उन पर झूठे आरोप लगाते हैं। उन्होंने यह दावा भी किया कि संसद के भीतर और बाहर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वालों को संरक्षण दिया जाता है। कांग्रेस नेता ने कहा, ''प्रधानमंत्री की इंस्टाग्राम सभाएं अब किसी को गुमराह नहीं कर सकतीं।''
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को कहा था कि उन्हें इस बात का दुख है कि जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन के दौरान न सिर्फ उनके, बल्कि उनकी दिवंगत मां के लिए भी भद्दी गालियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने यह भी कहा था कि इन ''गुमराह बच्चों'' को माफ किए जाने की जरूरत है। 'इंस्टाग्राम' पर देर रात जारी एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि वह समाज में व्याप्त आक्रोश को समझते हैं, लेकिन यह ''गुमराह बच्चों'' के साथ अपनापन और उन्हें सही राह दिखाने का समय है।
