चुनाव से पहले मराठा समुदाय को भड़काने की कोशिश : पाटिल

punjabkesari.in Friday, May 04, 2018 - 06:08 PM (IST)

मुम्बई : महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कुछ नेता आरक्षण की मांग कर रहे मराठा समुदाय को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि विधानसभा और लोकसभा चुनाव समीप आ रहे हैं।

राजनीतिक रुप से प्रभावशाली इस समुदाय की मांगों पर गौर करने के लिए गठित मंत्रिमंडल की उपसमिति के अगुवा पाटिल ने कहा कि मराठा नेताओं के एक समूह ने इस समुदाय के कल्याणार्थ लिए गए निर्णयों से संबंधित सरकारी प्रस्तावों की प्रतियों को वाई बी चव्हाण प्रतिष्ठान के सभागार में संवाददाता सम्मेलन के बाद फाड़ दिया।

मंत्री ने कहा , ‘हमारे पास कुछ नेताओं के संबंध में खुफिया रिपोर्ट हैं कि वे इन संवाददाता सम्मेलनों के लिए धन उपलब्ध करवा रहे हैं। चुनावी वर्ष में इस समुदाय में अशांति फैलाने को इच्छुक इन नेताओं की पहचान कर ली गई है। हम इन नेताओं से ऐसी गतिविधियां रोकने का अनुरोध करते हैं।’

उन्होंने कहा कि भाजपा नीत सरकार सकारात्मक सुझाव स्वीकार करने के लिए तैयार है। उन्होंने आरक्षण का आंदोलन चला रहे मराठा क्रांति मोर्चा से मराठा समुदाय के कल्याणार्थ लिए गए निर्णयों को प्रभावी तरीके से लागू करने में सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मराठों को आरक्षण के मुद्दे पर अदालत में सुनवाई चल रही है (जहां आरक्षण पर सरकारी अध्यादेश को चुनौती दी गयी है)।

उन्होंने कहा , ‘हम आरक्षण पाने के लिए लड़ाई लडेंगे और तब तक के लिए हम मराठा समुदाय के लिए अन्य नीतियां लाए हैं। ’ उन्होंने कहा कि इसके बावजूद चुनाव से पहले मराठा समुदाय को भड़काने की कोशिश चल रही है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News