Baruipur: 12 साल की बच्ची से रे/प-मर्डर केस, क्राइम सीन पर आरोपी ने पुलिस की छीनी बंदूक, जवाबी फायरिंग में किया एनकाउंटर, मौत
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 09:34 AM (IST)
Baruipur Crime Case: पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 12 साल की लड़की के रेप और मर्डर के मुख्य आरोपी को मंगलवार तड़के पुलिस ने गोली मारकर मार गिराया। घटना तब हुई जब उसे क्राइम सीन पर घटना को फिर से समझने (रिकंस्ट्रक्शन) के लिए ले जाया जा रहा था और उसने एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर फायरिंग कर दी।
पुलिस के मुताबिक,आरोपी को मंगलवार रात क्राइम सीन को फिर से बनाने के लिए बारुईपुर के सूर्यपुर ले जाया गया था। जहां लड़की का शव मिला था। इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी से हथियार छीन लिया और भागने की कोशिश की। अधिकारी ने बताया कि उसने पुलिस टीम पर गोली भी चलाई, जिसके जवाब में पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में आरोपी को गोली लगी और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी इस मामले में मुख्य संदिग्धों में से एक था और लड़की के कथित रेप और मर्डर से पहले CCTV फुटेज में पीड़िता के साथ देखा गया था।
बच्ची का शव मिलने के बाद इलाके में फैला गुस्सा
जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई को बच्ची लापता हुई थी। अगले दिन उसका शव सूर्यपुर हाट इलाके में एक बोरी में मिला। घटना सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने बारुईपुर-जयनगर रोड पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम की, टायर जलाए और कुछ पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ भी की। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द न्याय की मांग की।
भीड़ ने संदिग्ध की पीट-पीटकर हत्या की
पुलिस के अनुसार, शव मिलने के कुछ घंटे बाद गुस्साई भीड़ ने एक व्यक्ति को बच्ची के साथ हुई वारदात में शामिल होने के शक में पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच को आगे बढ़ाने के लिए छह सदस्यीय Special Investigation Team (SIT) का गठन किया गया है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है।
