बंगाल के बारुईपुर में 11 साल की लड़की का शव मिला, बलात्कार और हत्या का आरोप

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 06:19 PM (IST)

नेशनल डेस्क : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर इलाके में रविवार को एक दिन पहले लापता हुई 11 साल की एक लड़की का शव मिला। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उसके साथ बलात्कार किया गया और हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि लड़की का शव आज सुबह सूर्यपुर हाट इलाके में एक बोरी में मिला।

इस बीच, स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बारुईपुर-जयनगर मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बारुईपुर-जयनगर रोड पर टायर जलाए और कुछ पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। प्रेसिडेंसी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कांकर प्रसाद बरुई ने प्रदर्शनकारियों से सड़क जाम हटाने की अपील करते हुए कहा कि अपराध में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा और मुकदमे के बाद उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।

उन्होंने कहा, ''मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मुझे फोन किया और कहा कि सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें सजा दी जाएगी।'' बरुई ने कहा कि वह मंगलवार को मृत लड़की के माता-पिता से मिलेंगे और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा देंगे। महानिरीक्षक ने कहा कि दोषियों को पकड़ने के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। 

इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने लड़की के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने दिया और सड़क जाम हटा दिया। पुलिस ने कहा कि घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को पकड़ा गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। लड़की शनिवार दोपहर दोस्त के जन्मदिन के लिए उपहार खरीदने घर से निकली थी और उसके बाद लापता हो गई। लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया कि चार लोग उसे जबरन अपने साथ ले गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News