नवी मुंबई में लाखों रुपए का प्रतिबंधित गुटखा बरामद... 2 गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Aug 31, 2024 - 04:10 PM (IST)

महाराष्ट्र : पुलिस ने नवी मुंबई में एक घर से पांच लाख रुपये से अधिक मूल्य का गुटखा जब्त किया है और इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवी मुंबई पुलिस के मादक पदार्थ निरोधी प्रकोष्ठ (एएनसी) ने बृहस्पतिवार को तलोजा के पेंधर गांव में यह अभियान चलाया। पुलिस ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने अपने घर पर प्रतिबंधित गुटखा जमा किया हुआ है, सूचना के आधार पर एएनसी की टीम ने आवासीय परिसर में छापा मारा और 5,40,850 रुपये मूल्य का गुटखा जब्त किया।''

उन्होंने बताया कि पुलिस ने उस घर पर रहने वाले सतीशसिंह नेपालसिंह ठाकुर (32) और जितेंद्रकुमार राजकुमार कामथ (21) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 123 (अपराध करने की नीयत से जहर आदि के माध्यम से चोट पहुंचाना), 223 (लोक सेवक द्वारा जारी आदेश की अवज्ञा), 274 (बिक्री के लिए खाद्य या पेय पदार्थ में मिलावट) और 275 (हानिकारक खाद्य या पेय पदार्थ की बिक्री) तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के नियमों के तहत दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के कारण महाराष्ट्र में गुटखा और कुछ अन्य तंबाकू उत्पादों पर प्रतिबंध है। 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Utsav Singh

Related News